गढ़ पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बाइक फिसलने से दो गंभीर घायल, सड़क पर फैला गोबर बना हादसे की वजह
30 जुलाई 2025 की रात्रि लगभग 10:30 बजे पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर गढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घटना में बाइक प्लेटिना (क्रमांक MP17 MS 1153) अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में घायल दोनों लोग सेन परिवार के हैं, जो गांव कोलहा थाना गढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही हो सकेगी। दोनों घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस और डायल-100 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
शराब दुकान के सामने हुआ हादसा, सड़क पर फैले गोबर ने ली हादसे की गंभीरता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा गढ़ कंपोजिट शराब दुकान के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क पर गोबर फैला हुआ था, जिसके कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सवार सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े। यह घटना बरसात के मौसम में सड़क पर फैले गोबर और खुले में घूम रहे आवारा मवेशियों से उत्पन्न खतरे को फिर उजागर कर गई
।
आवारा मवेशियों से बढ़ रहे हादसे, सरकार के दावों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार रात्रि में अक्सर आवारा मवेशी सड़कों पर डेरा जमाए रहते हैं। सरकार गौशालाओं के निर्माण और पशु संरक्षण पर करोड़ों रुपए खर्च करने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नदारद हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे हादसों में अब तक न जाने कितने लोग जान गंवा चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
लोगों ने सवाल उठाया कि जब गायों के नाम पर योजनाओं में भारी बजट स्वीकृत होता है तो फिर सड़कों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा क्यों है? क्या केवल वोट बैंक बढ़ाने के लिए ही इस मुद्दे को जिंदा रखा जा रहा है?


