मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल मऊगंज में वित्तीय साक्षरता मेगा कैंप आयोजित
एलडीएम मऊगंज ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की दी सलाह, बैंकिंग और डिजिटल जागरूकता पर दिया मार्गदर्शन
मऊगंज (विंध्य वसुंधरा समाचार)।
शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल मऊगंज में शुक्रवार को वित्तीय साक्षरता मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर विद्यार्थियों को बैंकिंग प्रणाली, डिजिटल लेनदेन, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एलडीएम मऊगंज ज्योत्सना अग्रवाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य राजेश तिवारी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में असिस्टेंट काउंसलर संतोष कुमार मिश्रा (आरोह फाउंडेशन) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के माध्यमिक शिक्षक प्रदीप सिंह ने किया।
बैंकिंग और खाता संचालन की मूलभूत जानकारी से हुई शुरुआत
विशिष्ट अतिथि संतोष कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए की। उन्होंने विद्यार्थियों से यह जानने का प्रयास किया कि क्या उनका स्वयं का बैंक खाता है और वे बैंकिंग से किस हद तक परिचित हैं। अधिकांश विद्यार्थियों ने बताया कि उनका खाता पहले से खुला हुआ है।
इसके पश्चात उन्होंने बैंक खाता का महत्व, केवाईसी (KYC), नामिनी जोड़ने की प्रक्रिया, एजुकेशन लोन की सुविधा, तथा बचत की आदतों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। मिश्रा ने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि भविष्य में आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए इन विषयों की जानकारी अत्यंत आवश्यक है।
साइबर सुरक्षा पर विशेष फोकस, मोबाइल लिंक, ओटीपी से सावधानी बरतने की सलाह
बढ़ते साइबर फ्रॉड को देखते हुए संतोष मिश्रा ने विद्यार्थियों को सतर्क करते हुए कहा,
"आप सभी डिजिटल दुनिया से जुड़े हैं, लेकिन जागरूकता के बिना यह सुविधा खतरे में बदल सकती है। अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी किसी से साझा न करें और करोड़पति बनने के चक्कर में अपने पिता की जमा पूंजी को दांव पर न लगाएं।"
उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त करें, अच्छे अंक लाएं, टेक्निकल एजुकेशन लें और एक दिन खुद की गाड़ी व मकान के सपने को साकार करें। उन्होंने यह भी कहा कि “जितना सतर्क रहेंगे, उतना ही सुरक्षित रहेंगे।”
सोशल मीडिया की सावधानियों और डिजिटल शिक्षा पर एलडीएम का संदेश
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एलडीएम ज्योत्सना अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा,
"आज के युग में सोशल मीडिया आपके जीवन का हिस्सा है, लेकिन फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी को साझा करने से पहले सावधानी बरतें। अनजान लोगों को मित्र न बनाएं और किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।"
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल इंडिया के दौर में कंप्यूटर शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। छात्र केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि तकनीकी दक्षता भी विकसित करें। उन्होंने विद्यालय की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी कि वे मेहनत करें और आगामी परीक्षाओं में उच्च परिणाम लाकर स्कूल का गौरव बढ़ाएं।
विद्यालय परिवार ने जताया आभार, विद्यार्थियों ने ली प्रेरणा
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य राजेश तिवारी ने कहा कि इस मेगा कैंप के माध्यम से छात्रों को जो व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ है, वह उनकी आने वाली जीवन यात्रा में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने एलडीएम एवं आरोह फाउंडेशन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि बैंकिंग और वित्तीय योजनाओं से अनभिज्ञ विद्यार्थियों को आज अत्यंत उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के अंत में माध्यमिक शिक्षक प्रदीप सिंह ने सभी अतिथियों, सहयोगी शिक्षकों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इनकी उपस्थिति रही महत्वपूर्ण
इस अवसर पर विद्यालय के उच्च माध्यमिक शिक्षक संदीप कुमार प्रजापति, शीतल गुप्ता, माध्यमिक शिक्षक रवि प्रकाश द्विवेदी, प्रदीप सिंह, अतिथि शिक्षक रहीस वर्मा एवं रघुवंश मिश्रा सहित विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। बच्चों ने कार्यक्रम को अत्यंत रोचक और ज्ञानवर्धक बताया।

