गढ़ में ऐतिहासिक हर घर तिरंगा यात्रा सम्पन्न — तीन किलोमीटर तक गूंजे भारत माता के जयकारे
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को ग्राम पंचायत गढ़ में देशभक्ति का अद्वितीय दृश्य देखने को मिला। मध्यप्रदेश शासन के “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत जनपद पंचायत गंगेव के सहयोग से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए।
सुबह से ही माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा था। गाँव के घरों, गलियों और बाजारों में तिरंगे लहरा रहे थे। स्कूली बच्चे सफेद यूनिफॉर्म में तिरंगा थामे विद्यालय प्रांगण में समय से पहले ही एकत्र हो गए थे।
यात्रा की शुरुआत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ से हुई। विद्यालय परिसर में एकत्र हुए छात्र-छात्राओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए आयोजकों ने हर घर तिरंगा अभियान के महत्व और राष्ट्रध्वज के सम्मान पर प्रकाश डाला।
1500 से अधिक लोग इस यात्रा में शामिल हुए। इनमें स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
यात्रा जैसे ही विद्यालय से निकली, गगनभेदी नारे गूंजने लगे। "वंदे मातरम", "भारत माता की जय" और "जय हिंद" के नारे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर रहे थे।
देशभक्ति गीतों से गूंजते लाउडस्पीकर ने माहौल को और ऊर्जावान बना दिया। छात्र कतारबद्ध होकर तिरंगा लहराते हुए मार्च कर रहे थे, तो दूसरी ओर स्थानीय लोग घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत कर रहे थे।
यात्रा का मार्ग मेन बाजार और गढ़ थाना होते हुए चंदनबाग मैदान तक रहा। करीब तीन किलोमीटर की यह यात्रा गढ़ क्षेत्र के हर व्यक्ति के लिए गर्व का क्षण बन गई।
गढ़ क्षेत्र के सभी प्रमुख विद्यालयों की सहभागिता रही। हायर सेकेंडरी स्कूल गढ़, सरस्वती शिशु मंदिर, सरस्वती ज्ञान मंदिर, पतंजलि पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, बाल भारती स्कूल और उपाध्याय मेमोरियल स्कूल के बच्चों ने अनुशासन और जोश का शानदार उदाहरण पेश किया।
यात्रा में कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने इसे विशेष बना दिया। मनगवां विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, जनपद पंचायत गंगेव अध्यक्ष विकास तिवारी, एसडीएम मनगवां संजय कुमार जैन, सीईओ जनपद पंचायत गंगेव प्राची चौबे प्रमुख रूप से शामिल हुए।
इसके अलावा मंडल अध्यक्ष लालगांव सुनील पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष सूरा मुकेश पटेल, जनपद सदस्य प्रतिनिधि अशोक सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नरेश मिश्रा, स्वच्छता प्रभारी गंगेव सविता येंगल और युवा समन्वयक विकास कुमार सोनी भी मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत गढ़ के सरपंच गोविन्द कचेर, उपसरपंच आसिफ खान और सचिव शिवेन्द्र तिवारी ने यात्रा के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पाण्डेय ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
यात्रा के दौरान बाजार में अद्भुत नजारा था। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े होकर तिरंगा लहरा रहे थे।
महिलाओं और बुजुर्गों की भी सक्रिय भागीदारी रही। कई महिलाएं समूह में पारंपरिक वेशभूषा में तिरंगा लिए यात्रा के साथ चल रही थीं, जबकि बुजुर्ग राष्ट्रध्वज थामे युवाओं का उत्साह बढ़ा रहे थे।
यात्रा के समापन पर सरस्वती विद्यालय परिसर में राष्ट्रगान हुआ। सभी ने एक स्वर में खड़े होकर राष्ट्रगान गाया, जिससे वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखों में गर्व और देशप्रेम की चमक दिखाई दी।
पूरा गढ़ क्षेत्र इस आयोजन से गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह यात्रा न केवल देशभक्ति का प्रतीक बनी, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी साबित हुई।







