गढ़ थाने में लावारिस बड़ी गाड़ियों की नीलामी, 1 लाख 73 हजार 200 तक पहुंची बोली
गढ़ थाना परिसर में वर्षों से खड़ी लावारिस बड़ी गाड़ियों की नीलामी सोमवार 1 सितंबर को दिन में 12 बजे शुरू हुई। यह नीलामी प्रशासन और पुलिस की देखरेख में पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
नीलामी प्रक्रिया की शुरुआत तहसीलदार अजय मिश्रा (मनगवा) एवं थाना प्रभारी अवनीश पांडे की मौजूदगी में हुई। इस दौरान प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह ने सहयोग किया। कुल 15 लोगों ने बोली में भाग लिया, जबकि आसपास के ग्रामीणों और नगरवासियों समेत सैकड़ों लोग नीलामी देखने पहुंचे।
नीलामी का दौर काफी रोचक रहा और कुल 14 चरणों तक बोली चली। गाड़ियों के लिए अंतिम बोली 1 लाख 73 हजार 200 रुपए की रही, जो गढ़ निवासी ज्ञानेंद्र गुप्ता ने लगाई। इस प्रक्रिया में कुल 19 दो पहिया वाहनों की नीलामी की गई।
नीलामी को लेकर इतना प्रचार-प्रसार हुआ कि प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से भी बोलीदाता गढ़ पहुंचे। ग्रामीणों और जन चर्चा के मुताबिक यह अब तक की रीवा जिले की सबसे बड़ी बोली प्रक्रिया रही है।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की नीलामी न केवल थानों में खड़ी लावारिस गाड़ियों के निस्तारण का रास्ता खोलती है, बल्कि सरकारी राजस्व में भी इजाफा करती है।


