गांव में दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पाण्डेय व चौकी प्रभारी आर.बी. सिंह की टीम की कार्रवाई, जेल भेजा गया आरोपी
गढ़ थाना क्षेत्र के लालगांव चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत पताई निवासी रामानंद यादव पिता जमुना प्रसाद यादव उम्र 31 वर्ष (अतरैला) को रविवार शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2025 को शाम 4 बजे पुलिस टीम को कार्रवाई करनी पड़ी। बताया गया कि आरोपी लंबे समय से गांव में दहशत का माहौल बनाए हुए था और आए दिन लोगों के साथ झगड़ा-मारपीट करता था। ग्रामीणों में उसके खिलाफ काफी नाराज़गी थी। आरोपी के खिलाफ पूर्व में अनुसूचित जाति-जनजाति (SC-ST) अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पाण्डेय और लालगांव चौकी प्रभारी आर.बी. सिंह के नेतृत्व में थाना और चौकी का संयुक्त बल गांव पहुंचा। टीम आरोपी को नोटिस देने गई थी, लेकिन हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए सतर्कता बढ़ाई गई। गढ़ थाना प्रभारी की सूझबूझ और चौकी प्रभारी के सहयोग से बिना किसी अप्रिय घटना के आरोपी को काबू में किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में गढ़ थाना और लालगांव चौकी के पुलिसकर्मियों की संयुक्त भूमिका रही।

