मनगवा में दिनदहाड़े लूट की कोशिश – पति-पत्नी घायल, संजय गांधी अस्पताल रीवा में चल रहा इलाज
मनगवा थाना क्षेत्र में शनिवार 13 सितम्बर 2025 को दोपहर लगभग 1:30 बजे एक सनसनीखेज घटना घटी। ग्राम गढ़ निवासी राजेंद्र सोनी अपनी पत्नी तुलसा सोनी के साथ भलुहा रामनई की ओर जा रहे थे। रास्ते में राल्ही टंकी के आगे पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र और पर्स छीनने की कोशिश की।
लूटपाट के दौरान अचानक खींचतान होने से दंपति अपनी बाइक से गिर पड़े। हादसे में तुलसा सोनी के सिर में गंभीर चोट आई है और सर में 17 टाके लगे है। जबकि पति के पैरों में भी गहरी चोटें लगीं है। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को उठाकर इलाज हेतु मनगवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में दोनों का इलाज अस्पताल में जारी है।
घटना से क्षेत्र में दहशत
दिनदहाड़े हुए इस दुस्साहसिक प्रयास ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन असामाजिक तत्वों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन पुलिस की गश्त न के बराबर है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन ऐसे मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करे, ताकि आमजन सुरक्षित महसूस कर सकें।


