रीवा: महिला जज से मांगी थी 5 अरब की फिरौती, पुलिस ने यूपी से दबोचा रिटायर्ड शिक्षक
दुश्मन को फंसाने के लिए रची गई थी साजिश, डाक से भेजा था धमकी भरा पत्र
रीवा। न्यायपालिका जैसी संवेदनशील व्यवस्था को दहला देने वाले सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रीवा जिले के त्योंथर में पदस्थ एक महिला न्यायाधीश को डाक से धमकी भरा पत्र भेजकर 5 अरब रुपये की फिरौती मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चौकाने वाली बात यह है कि आरोपी कोई अपराधी नहीं, बल्कि एक रिटायर्ड शिक्षक निकला, जिसने अपने व्यक्तिगत विवाद में दुश्मन को फंसाने के लिए यह खतरनाक खेल खेला।
2 सितंबर को मिला धमकी भरा खत
घटना 2 सितंबर 2025 की है। त्योंथर में पदस्थ महिला जज को डाक से एक खत मिला, जिसमें लिखा था कि यदि उन्होंने 5 अरब रुपये की फिरौती नहीं दी तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। पत्र में धमकी देने वाले ने अपना नाम संदीप सिंह लिखा और खुद को कुख्यात डकैत हनुमान गिरोह का सदस्य बताया। पत्र पढ़कर न्यायाधीश सन्न रह गईं और तुरंत इस मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सोहागी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 308(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में खुला बड़ा राज
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस व्यक्ति का नाम पत्र में लिखा गया है, वह वास्तव में प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) जिले के बारा थाना क्षेत्र के सुंदरपुरा गांव का निवासी है। पुलिस जब आरोपी बताए गए संदीप सिंह तक पहुंची तो उसने पत्र भेजने की बात को सिरे से नकार दिया।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से एक अहम सूचना मिली। पता चला कि संदीप सिंह का हाल ही में देवराज सिंह नामक व्यक्ति से विवाद हुआ था। पुलिस ने जब देवराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा सच सामने आ गया।
रिटायर्ड शिक्षक निकला आरोपी
आरोपी देवराज सिंह रिटायर्ड शिक्षक है। मूल रूप से सुंदरपुरा गांव का निवासी और वर्तमान में प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र में रह रहा है। उसने पुलिस के सामने कबूल किया कि 19 अगस्त को उसका संदीप सिंह से विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते उसने संदीप को फंसाने के लिए महिला जज को धमकी भरा पत्र भेजा।
देवराज अक्सर त्योंथर आता-जाता था, इसलिए उसे वहां पदस्थ महिला जज का नाम पता था। उसने चालाकी से पत्र में संदीप सिंह का नाम लिखकर खुद को डकैत गिरोह का साथी बताया और मामले को संगठित अपराध जैसा दिखाने की कोशिश की।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा प्रश्न
रीवा एसपी विवेक सिंह ने बताया कि आरोपी को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न केवल न्यायपालिका की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि व्यक्तिगत रंजिश में लोग किस हद तक कानून और व्यवस्था से खिलवाड़ कर सकते हैं।

