भारत का अनोखा मंदिर: जहां बिना सूंड वाले गणेश जी विराजमान, भक्त लिखकर भेजते हैं चिट्ठी
गणेश चतुर्थी का पर्व देशभर में उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। घर-घर और पंडालों में गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित होती है और भक्त उनसे सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐसा अनोखा मंदिर भी है, जहां भगवान गणेश बिना सूंड वाले स्वरूप में विराजमान हैं? यह अद्भुत और प्राचीन मंदिर राजस्थान की राजधानी जयपुर के अरावली पर्वत शृंखला पर स्थित है, जिसे गढ़ गणेश मंदिर के नाम से जाना जाता है।
बाल स्वरूप में गणेश जी की स्थापना
गढ़ गणेश मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां गणपति बप्पा को बालक स्वरूप में प्रतिष्ठित किया गया है। इस प्रतिमा में उनकी सूंड नहीं है, इसलिए भक्त इन्हें ‘पुरुषकृति गणेश’ मानते हैं। यह स्वरूप भक्तों के लिए आकर्षण और श्रद्धा का विशेष कारण है और देशभर से लोग यहां दर्शन के लिए आते हैं।
300 वर्ष पुराना इतिहास
गढ़ गणेश मंदिर का निर्माण 18वीं शताब्दी में जयपुर के संस्थापक महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने करवाया था। कहा जाता है कि जब उन्होंने जयपुर बसाने से पहले अश्वमेध यज्ञ किया, तभी इस मंदिर की नींव रखी गई।
महाराजा ने गणेश प्रतिमा को इस प्रकार स्थापित करवाया कि सिटी पैलेस के चंद्रमहल से दूरबीन की मदद से भी मूर्ति के दर्शन किए जा सकें। यह स्थापत्य कला और भक्ति का अद्वितीय उदाहरण माना जाता है। मंदिर से जुड़ा बाड़ी चौपड़ स्थित ध्वजाधीश गणेश मंदिर भी इसी परंपरा का हिस्सा है।
मूषकों के कान में बोलते हैं भक्त
मंदिर परिसर में दो विशाल मूषक (चूहे) स्थापित हैं। भक्त अपनी समस्याएं और इच्छाएं इन मूषकों के कान में कहते हैं। मान्यता है कि ये मूषक सीधे बप्पा तक भक्तों की पुकार पहुंचाते हैं और भगवान गणेश उनके कष्ट हर लेते हैं।
चिट्ठी लिखकर मांगते हैं मन्नत
गढ़ गणेश मंदिर की सबसे खास परंपरा है चिट्ठी या निमंत्रण पत्र भेजना। शादी, संतान जन्म, नई नौकरी या किसी भी शुभ अवसर का निमंत्रण सबसे पहले गणेश जी को दिया जाता है। रोजाना यहां सैकड़ों पत्र आते हैं, जिन्हें पढ़कर सीधे भगवान के चरणों में रखा जाता है। भक्तों का विश्वास है कि गणेश जी उनकी हर पुकार अवश्य सुनते हैं।
365 सीढ़ियों से होकर बप्पा तक पहुंच
मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्तों को 365 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। ये सीढ़ियां साल के 365 दिनों का प्रतीक मानी जाती हैं। सीढ़ियां चढ़ने के बाद मंदिर प्रांगण में पहुंचते ही भक्त को अद्वितीय शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है। यहां से पूरे जयपुर शहर का विहंगम दृश्य दिखाई देता है, खासकर सूर्योदय और सूर्यास्त के समय।
गढ़ गणेश मंदिर केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और स्थापत्य धरोहर का भी हिस्सा है। यहां का अनूठा स्वरूप, सदियों पुरानी परंपराएं और भक्तों की अटूट श्रद्धा इसे विशेष बनाती है।
अगर आप कभी जयपुर जाएं, तो गढ़ गणेश मंदिर के दर्शन करना न भूलें। यह अनुभव जीवन भर की याद बन सकता है।

