पटेहरा में 45 वर्षीय व्यक्ति के अपहरण से मचा हड़कंप — हाईवे-135 पर छह घंटे बवाल, रीवा से बुलाना पड़ा अतिरिक्त पुलिस बल — पुलिस ने दिखाई सख़्ती, मुख्य आरोपी पंकज सोनी गिरफ्तार
मऊगंज जिले के पटेहरा गांव में शनिवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के ही एक व्यक्ति के अपहरण की खबर फैली। बताया जा रहा है कि गांव के ही पंकज सोनी नामक युवक ने 45 वर्षीय मोलई प्रजापति को बंदूक की नोक पर स्कॉर्पियो वाहन से उठा ले गया। यह घटना देर रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। अपहरण की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली, पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और रात करीब 9 बजे रीवा–मऊगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया।
देखते ही देखते सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और हाईवे पूरी तरह जाम हो गया। करीब छह घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुराना दुष्कर्म मामला बना अपहरण की जड़
सूत्रों के अनुसार, अपहृत व्यक्ति वही हैं, जिनकी नाबालिग बेटी के साथ 15 अगस्त 2025 को कथित तौर पर अपहरण और दुष्कर्म की घटना हुई थी। उस समय पीड़िता एक सप्ताह बाद घर लौटी थी और दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हीं आरोपियों में से एक — पंकज सोनी — ने अब बदले की भावना से पीड़िता के पिता को अगवा कर लिया।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले से ही धमकियां दे रहा था और पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई न करने की वजह से आज यह गंभीर वारदात हो गई।
प्रशासन के समझाने के बाद भी नहीं खुले रास्ते
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विक्रम सिंह और एसडीओपी सची पाठक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन परिजन किसी भी हालत में अपहृत व्यक्ति की बरामदगी के बिना जाम खोलने को तैयार नहीं हुए।
भीड़ लगातार बढ़ती जा रही थी और माहौल तनावपूर्ण होता जा रहा था। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मऊगंज पुलिस ने रीवा पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाने का अनुरोध किया। रात करीब 11 बजे रीवा से पहुंची फोर्स के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा।
रातभर चला ऑपरेशन, आरोपी गिरफ्तार
लगातार बढ़ते दबाव और बवाल के बीच पुलिस ने सख़्त रुख अपनाते हुए रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। एएसपी विक्रम सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी की और छापेमारी शुरू की। करीब तड़के 2 बजे पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी जब मुख्य आरोपी पंकज सोनी को दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ जारी है और अपहृत मोलई प्रजापति की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छानबीन कर रही हैं।
तनाव के बीच खुला हाईवे
आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि होते ही पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद एएसपी विक्रम सिंह और एसडीओपी सची पाठक के समझाइश के बाद ग्रामीण किसी तरह शांत हुए और रात करीब 2:30 बजे हाईवे का जाम खुलवाया गया।
वहीं पुलिस ने इलाके में सघन गश्त बढ़ा दी है। अभी भी पटेहरा व आसपास के गांवों में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने लोगों से की शांति की अपील
एएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा —

