असलहे की नोक पर परियोजना अधिकारी त्यौंथर से लूट — गढ़ राल्ही ढाबा के पास अधिकारी को छोड़ कर भागे बदमाश, मनगवां एवं गढ़ पुलिस ने एटीएम को कराया लॉक
बीती 11 अक्टूबर 2025 की रात्रि को रीवा जिले के त्यौंथर परियोजना अधिकारी के साथ एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने असलहे की नोक पर अधिकारी को बंधक बनाकर लूटपाट की, और उन्हें रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। यह घटना लकी ढाबा के पास रात लगभग 11:30 बजे के आसपास घटित हुई।
जबलपुर से त्यौंथर जा रहे थे अधिकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परियोजना अधिकारी त्यौंथर अपने निजी वाहन क्रमांक MP 18 ZB 6343 से जबलपुर से त्यौंथर जा रहे थे। जब वे मनगवां क्षेत्र के पास पहुंचे, तभी लाल रंग की बिना नंबर की ब्रेजा कार उनके वाहन का पीछा करने लगी।
संदिग्ध वाहन ने पीछा करते हुए लकी ढाबा गंगेव के समीप अधिकारी की कार को ओवरटेक कर रोक लिया। उसके बाद बदमाशों ने असलहे की नोक पर कार का दरवाजा खुलवाया और गाड़ी में बैठकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
असलहे की नोक पर मांगा एटीएम का पिन
बदमाशों ने अधिकारी की कनपटी पर असलहा रखकर पर्स में रखे लगभग ₹15,000 नकद, दो मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए।सूत्रों के अनुसार, बदमाशों ने एटीएम कार्ड का पिन नंबर भी जबरन पूछने की कोशिश की। धमकाने के बाद वे अधिकारी को सड़क किनारे उतारकर फरार हो गए।
राहगीरों की मदद से पहुंचे थाने
घटना के बाद डरे-सहमे अधिकारी ने राहगीरों की मदद से गढ़ थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। गढ़ और मनगवां पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तत्काल बैंक से संपर्क कर संबंधित एटीएम कार्ड को लॉक कराया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि समय रहते कार्ड ब्लॉक नहीं कराया जाता तो लुटेरे करीब ₹5 लाख की राशि निकाल सकते थे।
मनगवां ओवरब्रिज के नीचे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मनगवां ओवरब्रिज के नीचे देर रात 12 बजे से 3 बजे तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि कहीं इसी गिरोह का हाथ तो इस वारदात में नहीं है।


