जबलपुर से लौट रहे परियोजना अधिकारी से असलहे की नोक पर लूट — गढ़ राल्ही ढाबा के पास छोड़ भागे बदमाश बदमाशों ने ₹18,700 नगद, तीन मोबाइल 🏧 और अन्य दस्तावेज लूटे
चार अज्ञात बदमाश लाल रंग की बिना नंबर की ब्रेजा कार में सवार थे, पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की
रीवा जिले में बीती रात असलहे की नोक पर हुई लूट की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी दीपक मिश्रा को चार अज्ञात बदमाशों ने बंदूक की दम पर कार में बंधक बनाकर लूट लिया। बदमाशों ने अधिकारी से नगदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज छीन लिए और धमकी देकर फरार हो गए।
रात 10:30 बजे एनएच-30 पर हुआ हमला
फरियादी दीपक मिश्रा पिता रामहर्ष मिश्रा (46 वर्ष) निवासी रामानुजनगर वाणगंगा, जिला शहडोल, हाल निवास भगवानपुर दुअरा वार्ड नं. 05, त्यौंथर, जिला रीवा (म.प्र.), ने पुलिस को बताया कि वे महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी (त्यौंथर) के पद पर पदस्थ हैं।
दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को विभागीय प्रशिक्षण प्राप्त कर वे जबलपुर से त्यौंथर अपनी मारुति सुजुकी एस-क्रॉस (क्रमांक MP18 ZB 6343) से लौट रहे थे।
रात लगभग 10:30 बजे जब वे एनएच-30 पर ग्राम समान के पास नहर के समीप पहुंचे, तभी लाल रंग की बिना नंबर की ब्रेजा कार उनके पीछे आकर रुकी। कार में सवार चार अज्ञात युवकों में से एक ने बताया कि “आपकी कार का पिछला टायर पंचर है।”
पिस्टल दिखाकर अधिकारी को बनाया बंधक
फरियादी ने जैसे ही सड़क किनारे कार रोकी, दो युवक ब्रेजा कार से उतरकर उनके पास आए और पिस्टल निकालकर धमकाने लगे। दोनों बदमाशों ने दीपक मिश्रा को पकड़ लिया और जबरन उनकी कार की बगल वाली सीट पर बैठा दिया। इसके बाद एक युवक ने कार अपने कब्जे में लेकर चलाना शुरू किया, जबकि दो बदमाश पीछे की सीट पर बैठे रहे।
बदमाशों ने अधिकारी से पैसे और मोबाइल फोन मांगे, विरोध करने पर उन्होंने हाथ मुक्कों से मारपीट की और उनकी पैंट की जेब से पर्स निकाल लिया, जिसमें स्टेट बैंक का एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और ₹2,700 नगद थे।
कार में रखे बैग और मोबाइल भी लूटे
बदमाशों ने कार की पिछली सीट पर रखे बैग से ₹16,000 नगद और सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी निकाल लिया। इसके अलावा, उन्होंने ओप्पो और माइक्रोमैक्स कंपनी के दो मोबाइल फोन भी छीन लिए।
फरियादी के अनुसार, ओप्पो मोबाइल में 8109088818, माइक्रोमैक्स में 9893888089, और सैमसंग मोबाइल में 9301651609 नंबर की सिम लगी हुई थी।
लुटेरों ने फरियादी से कहा कि “₹50,000 दे दो, हम तुम्हारा सारा सामान लौटा देंगे।”
इसके बाद वे गढ़ के पास राल्ही ढाबा पहुंचे और फरियादी की कार बंद कर दी। चारों बदमाशों ने कहा कि “हम एटीएम से पैसे निकालकर आते हैं, तुम कार से बाहर निकले तो गोली मार देंगे।”
चाभी लेकर फरार हुए बदमाश
बदमाश फरियादी की कार की चाभी लेकर अपनी लाल रंग की बिना नंबर की ब्रेजा कार में सवार होकर फरार हो गए।
किसी तरह दीपक मिश्रा ने हिम्मत जुटाई और कार से बाहर निकलकर राल्ही ढाबा पहुंचे। वहां मौजूद कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी और उनके मोबाइल से डायल 112 पर सूचना दी।
112 पुलिस मौके पर पहुंची, केस दर्ज
सूचना पर थाना गढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। बाद में फरियादी ने थाना मनगवा में उपस्थित होकर लूट की विस्तृत रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा लाल रंग की बिना नंबर की ब्रेजा कार की तलाश की जा रही है।
घटना से क्षेत्र में दहशत, पुलिस सतर्क
रात के समय एनएच-30 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह की वारदात से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।


