कृषि कार्य में पंजीकृत ट्रैक्टर से माल ढुलाई — बनी दुर्घटना का कारण गढ़ थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक व्यक्ति की मौत
गढ़, रीवा। आज सुबह गढ़ थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 52 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे कलवारी ओवरब्रिज के आगे हुई।
मिली जानकारी के अनुसार गुलाब साकेत पिता बुद्धसेन साकेत, उम्र 52 वर्ष, निवासी कटरा, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सरिया लादकर तेंदुआ की ओर जा रहे थे। ट्रॉली के ऊपर बैठे गुलाब साकेत को अचानक तब हादसे का शिकार होना पड़ा जब ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। भारी सरिया और ट्रॉली के नीचे दब जाने से उनकी हालत गंभीर हो गई।
आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए गुलाब साकेत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कृषि प्रयोजन से पंजीकृत ट्रैक्टर का व्यावसायिक उपयोग चिंता का विषय
गौरतलब है कि जिस ट्रैक्टर से यह हादसा हुआ वह कृषि कार्य के लिए पंजीकृत था। लेकिन ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में अब ऐसे ट्रैक्टरों का उपयोग निर्माण सामग्री और अन्य व्यावसायिक माल ढुलाई के लिए किया जा रहा है, जो कि मोटर वाहन अधिनियम के नियमों के विरुद्ध है।
विशेषज्ञों का कहना है कि कृषि प्रयोजनों के लिए बने ट्रैक्टरों की संरचना भारी लोड या शहरी परिवहन के लिए उपयुक्त नहीं होती। ऐसे वाहनों में सुरक्षा मानक सीमित होते हैं, जिसके चलते थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
इस तरह की घटनाएँ प्रशासन के लिए चेतावनी हैं कि कृषि पंजीकरण वाले वाहनों के दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

