गंगेव लालगांव मार्ग पर भीषण ट्रैक्टर दुर्घटना — साकेत परिवार के दर्जनों सदस्य गंभीर रूप से घायल
घटना दिनांक 22 अक्टूबर 2025 रात्रि गढ़ थाना अंतर्गत लालगांव चौकी क्षेत्र के अंतर्गत अमहा गांव में एक भीषण ट्रैक्टर दुर्घटना घटित हुई, जिसमें साकेत परिवार के दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टरों की भिड़ंत के बाद कई लोग सवार व्यक्ति टाली से गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साकेत परिवार के सदस्य सर से सिरमौर उत्सव कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान बिना नंबर का एक सोनालिका ट्रैक्टर लालगांव से गंगेव की ओर जा रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि उस ट्रैक्टर में लकड़ी लदी थीं तथा ट्रैक्टर की हेडलाइट भी बंद थी। दूसरी ओर से एक अन्य ट्रैक्टर सर से सिरमौर की दिशा में जा रहा था, जिसमें लगभग 25 से अधिक साकेत परिवार सवार थे।
दोनों ट्रैक्टरों की सीधी भिड़ंत होने से ट्रैक्टरों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जो एक ही गांव के रहने वाले हैं। हादसे में घायल व्यक्तियों में —
मोहनलाल साकेत, फिरतू साकेत, गीता देवी साकेत, राज साकेत, मुन्ना साकेत, कार्तिक साकेत, राजभर साकेत, राधा साकेत, मनी महेश साकेत, उर्मिला साकेत, छाया साकेत, रामकुमार साकेत, लाल साकेत, शिवम साकेत, छोटे साकेत, सचिन साकेत, चिंतामणि साकेत, छोटी देवी, रितु साकेत, शिवकुमार साकेत के नाम सामने आए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही लालगांव चौकी प्रभारी आर बी सिंह एवं गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पांडे पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव भेजा गया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद जिनकी हालत गंभीर बताई गई, उन्हें तुरंत संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के समय दोनों ट्रैक्टर तेज रफ्तार में थे और किसी के पास भी पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (हेडलाइट) नहीं थी। सड़क सकरी होने के कारण एक ट्रैक्टर दूसरे को पार नहीं कर सका और आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गए और सवारियां एक-दूसरे पर गिर पड़ीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टरों के नंबर अभी तक स्पष्ट नहीं हो सके हैं। चौकी प्रभारी आर बी सिंह ने बताया कि—
“घटना में घायल सभी लोग सुरक्षित उपचार पा रहे हैं। हमारी पहली प्राथमिकता घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करना है। हादसे के सटीक कारणों की जांच जारी है, ट्रैक्टरों के स्वामियों की जानकारी जुटाई जा रही है।”
इस घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रखा।
ज्ञात हो कि ग्रामीण इलाकों में बिना पंजीकरण के ट्रैक्टरों में सवारियां बैठाकर ले जाने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जो कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैक्टर जैसे कृषि यंत्रों का प्रयोग सवारी परिवहन के लिए न करें, क्योंकि यह कानूनन प्रतिबंधित है।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। गढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद किया जाएगा।


