📰 गढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन सम्पन्न — शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हुआ आयोजन, पुलिस प्रशासन ने दिया सहयोग
गढ़ (रीवा)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गढ़ इकाई द्वारा संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार, 22 अक्टूबर 2025 को एक विशेष पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों स्वयंसेवक गण पूर्ण अनुशासन के साथ सहभागिता करते हुए सामाजिक एकता, राष्ट्रीय चेतना एवं सेवा भाव का संदेश देते नज़र आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती शिशु मंदिर (पुराना भवन) से हुआ। निर्धारित मार्ग के अनुसार पथ संचलन थाना के पीछे से पुरानी बाजार, मानकटी माता मंदिर मार्ग, रीवा मार्ग होते हुए थाने के सामने से फील्ड के सामने तक संपन्न हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों की वेशभूषा और अनुशासन ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
संघ के स्थानीय पदाधिकारी सीताराम गुप्ता (उपखंड कार्यवाह, उपखंड गढ़) द्वारा पूर्व में थाना प्रभारी गढ़ को जानकारी संचलन मार्ग पर सहायक उप निरीक्षक एच. डी. वर्मा सहित गढ़ थाने का पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की सतर्कता के चलते सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रही।
पथ संचलन में खंड संचालक संतोष जी, खंड कार्यवाह अनिल मणि जी, खंड सह कार्यवाह अमृतलाल गुप्ता, खंड बौद्धिक प्रमुख नरेंद्र सोनी, उपखंड कार्यवाह सीताराम गुप्ता, मंडल कार्यवाह अंकित सोनी, परासी मंडल से अभिजीत तिवारी, अमित तिवारी, गणमान्यजन एवं सभी स्वयंसेवक बंधु शामिल हुए, कार्यक्रम एकल गीत, अमृत वचन, एवं मुख्य वक्ता शिवेंद्र त्रिपाठी विभाग सह कार्यवाह रीवा विभाग के बौद्धिक एवं अल्पाहार के उपरांत सम्पन्न हुआ।
नगरवासियों ने भी इस अनुशासित पथ संचलन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति और सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हैं।


