सड़क हादसे में चार की मौत, दर्जनों घायल — प्रशासन की चुप्पी पर आक्रोश
गंगेव लालगांव मार्ग पर घटित भीषण सड़क दुर्घटना में मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पूर्व अमहा चौकी लालगांव क्षेत्र अंतर्गत दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने की टक्कर में दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। जिनमें इलाज के दौरान अब तक कुल चार लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है।
मृतकों में
1. रामविलास साकेत, पिता रामराज साकेत, उम्र 55 वर्ष, निवासी उमरी, थाना मऊगंज,
2. महेश साकेत, पिता शंभू साकेत, उम्र 32 वर्ष, निवासी सर नंबर एक, थाना मंगवा,
3. केसरी साकेत, पिता महेश शाह, उम्र 15 वर्ष, निवासी सर नंबर एक, थाना मंगवा,
4. रामराज साकेत, पिता धीरज साकेत, उम्र 10 वर्ष, निवासी दिग्वार थाना लौर,
शामिल हैं।
घटना के बाद से पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना के बाद से अब तक जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा किसी भी प्रकार की आर्थिक या चिकित्सकीय सहायता नहीं दी गई है।
घायलों का इलाज जिला अस्पताल और निजी चिकित्सा केंद्रों में जारी है, परंतु परिजनों का कहना है कि इलाज में लापरवाही बरती जा रही है और कई मरीजों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा राशि, घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा तथा घटना की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।
हालांकि इस घटना को लेकर अब तक वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्राप्त जानकारी परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के बयानों पर आधारित है।

