सर्वेश सोनी होंगे भारत-जापान लायसन काउंसिल सेमिनार में शामिल मुंबई में 20-21 नवंबर को आयोजित होगा दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन
रीवा जिले का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन होने जा रहा है। नेशनल यूनियन पोस्टल एम्प्लाईज (NUPE) के प्रदेश संगठन सचिव सर्वेश कुमार सोनी को यूएनआई इंडियन लायसन काउंसिल एवं जापान लायसन काउंसिल द्वारा मुंबई में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह सेमिनार 20 और 21 नवंबर को होटल एंबेसडर, मुंबई में आयोजित किया जाएगा। आयोजन का संचालन यूएनआई ग्लोबल यूनियन एशिया एवं पैसेफिक के सौजन्य से किया जा रहा है।
इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य भारत और जापान के ट्रेड यूनियनों के बीच आपसी सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक संबंधों को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के प्रतिनिधि अपने-अपने अनुभवों, विचारों और सफल कार्यशैलियों को साझा करेंगे। साथ ही, श्रम जगत की चुनौतियों, अवसरों और यूनियन संरचनाओं में समानताओं एवं भिन्नताओं पर चर्चा की जाएगी। यह संवाद न केवल दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और व्यावसायिक एकजुटता को बढ़ाएगा, बल्कि यूनियनों के बीच दीर्घकालिक सहयोग और परस्पर समझ को भी नई दिशा देगा।
सेमिनार में शामिल होने के लिए चयनित होने पर सर्वेश सोनी ने नेशनल यूनियन पोस्टल एम्प्लाईज के राष्ट्रीय महासचिव निसार मुज़ावर खान के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह अवसर उनके लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण संगठन और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
वहीं, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष स्वामी, राजेंद्र मिश्रा, जबलपुर के संभागीय सचिव संजय दुबे, राकेश पटेल, विकास पटेल, आशीष गुप्ता, राजकुमार साकेत, दुर्गेश धावलेकर और मानवेंद्र साहू सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वेश सोनी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर आमंत्रित होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है।
यह आयोजन न केवल प्रदेश के डाक विभाग के लिए बल्कि पूरे रीवा संभाग के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि इससे क्षेत्र के कर्मठ कर्मचारियों की मेहनत, संगठन के प्रति समर्पण और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।

