ठंड बढ़ने पर रीवा जिले में स्कूलों का समय बदला — कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जारी किया आदेश, नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं अब सुबह 9 बजे के बाद ही लगेंगी
रीवा। जिले में लगातार गिरते तापमान और सुबह के समय बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक अहम निर्णय लिया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल द्वारा जारी आदेश क्रमांक शिक्षा/विद्या–2/2025/777, दिनांक 11 नवंबर 2025 के तहत अब जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, एवं एमपी बोर्ड से संबद्ध शिक्षण संस्थानों में कक्षा नर्सरी से कक्षा आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 9:00 बजे से पहले प्रारंभ नहीं की जाएंगी।
कलेक्टर ने आदेश में उल्लेख किया है कि पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। सुबह के समय ठंड और कोहरे की स्थिति के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ने की संभावना बनी हुई है। विद्यार्थियों को सर्दी और मौसमी बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
यह आदेश जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू रहेगा, और किसी भी स्थिति में विद्यालय सुबह 9 बजे से पहले नहीं खोले जाएंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सभी स्कूल प्राचार्यों और संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे आदेश का सख्ती से पालन करें। साथ ही शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि वे आदेश के अनुपालन की नियमित मॉनिटरिंग करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

