शासकीय आवास निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद गहराया
दीवार गिराकर तोड़फोड़, 50 हजार का नुकसान; सहित गो शाला में लगाई आग, कई लोगों पर मामला दर्ज
मऊगंज/नईगढ़ी। ग्राम बहेरा कोठार में शासकीय आवास निर्माण को लेकर चल रहा पुराना विवाद मंगलवार देर रात गंभीर रूप ले बैठा। रास्ता
निकालने के विवाद से उपजी रंजिश के चलते एक पक्ष के लोगों ने निर्माणाधीन आवास की दीवार गिराकर तोड़फोड़ कर दी। घटना में करीब 50 हजार रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। फरियादी संजीव कुशवाहा द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरियादी संजीव कुशवाहा (25 वर्ष) निवासी बहेरा कोठार ने बताया कि उनके परिवार का पुराना कच्चा मकान है, जो गंगानरेश तिवारी की जमीन से लगा हुआ है। इसी जमीन पर कैलाश तिवारी ने अपना मकान बना रखा है। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रास्ता निकालने को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश के चलते तनाव की स्थिति बनी हुई है।
फरियादी ने बताया कि उसके पिता रामअनुग्रह कुशवाहा को शासकीय आवास स्वीकृत हुआ था। उसी के निर्माण के लिए पुराने कच्चे मकान के कुछ हिस्से को गिराया गया था और करीब 7 फीट दीवार भी खड़ी हो चुकी थी। लेकिन निर्माण पर कैलाश तिवारी लगातार आपत्ति जता रहा था।
घटना 11 दिसंबर 2025 की रात लगभग 9:30 बजे की है, जब कैलाश तिवारी का पुत्र सुमित तिवारी अपना सोनालिका ट्रैक्टर लेकर साथी रविंद्र तिवारी और अनुराग विश्वकर्मा के साथ शिकायतकर्ता के घर के सामने पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। थोड़ी देर बाद कैलाश तिवारी भी अनुराग दुबे के साथ मौके पर आ गया। सभी आरोपियों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कहा—“यहां घर क्यों बना रहे हो?”
पीड़ित के अनुसार, मना करने के बावजूद आरोपियों ने मिलकर निर्माणाधीन दीवार को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे लगभग ₹50,000 का नुकसान हुआ। शोर सुनकर फरियादी के पिता रामअनुग्रह, चाचा दिलीप कुशवाहा और बाबा रामआनंद कुशवाहा सहित आसपास के लोग बाहर निकले। लोगों की भीड़ देखते ही सुमित तिवारी अपना ट्रैक्टर वहीं छोड़कर अपने साथियों के साथ मौके से भाग गया।
रात अधिक हो जाने और साधन न मिलने से फरियादी तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं जा सका। अगले दिन 12 दिसंबर 2025 को थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
ग्राम में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।


