डॉ. मुकेश मिश्रा बने कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष, आदेश जारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए डॉक्टर एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। यह आदेश प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार दिनांक 20 दिसंबर 2025 को जारी किया गया।
जारी आदेश क्रमांक PCC/33 के अनुसार, संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कमले की सहमति एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुदीप पाठक द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया गया है। इसके तहत गढ़ निवासी डॉ. मुकेश मिश्रा को डॉक्टर एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ में प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. मुकेश मिश्रा इससे पूर्व मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग में प्रदेश महासचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। संगठन को डिजिटल माध्यम से मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है।
वर्तमान में डॉ. मुकेश मिश्रा भोपाल में चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहे हैं और एक आयुर्वेदिक महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। चिकित्सा क्षेत्र में उनके अनुभव, शैक्षणिक पृष्ठभूमि और संगठनात्मक दक्षता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह दायित्व सौंपा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी सूची के अनुसार, चिकित्सा प्रकोष्ठ में उपाध्यक्ष, महामंत्री एवं सचिव पदों पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से वरिष्ठ चिकित्सकों को शामिल किया गया है, जिससे प्रकोष्ठ को मजबूत एवं प्रभावी बनाया जा सके। आदेश में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे शीघ्र ही प्रांतीय बैठक आयोजित कर आगामी कार्ययोजना तैयार करें और संगठन को गति प्रदान करें।
डॉ. मुकेश मिश्रा की नियुक्ति पर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, चिकित्सक वर्ग एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने इसे संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस का चिकित्सा प्रकोष्ठ जनस्वास्थ्य, चिकित्सकों की समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगा।



