नईगढ़ी में गोवंश वध का आरोप, तीन नामजद पर मामला दर्ज
मांस का सैंपल जांच के लिए भेजा गया, रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
मऊगंज। जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जिलहड़ी में गोवंश के क्रूरता पूर्वक वध का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में मामला दर्ज कर बरामद मांस को जांच के लिए पशु चिकित्सा विभाग भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सहसंयोजक विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल मऊगंज ऋषभ श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी नईगढ़ी गोविंद तिवारी को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस बल गांव पहुंचा और शाम करीब 6 बजे थाना नईगढ़ी में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामले में फरियादी शिवम सिंह पिता भूपेन्द्र सिंह (उम्र 24 वर्ष), निवासी ग्राम जिलहड़ी ने थाने में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन के अनुसार गांव के हीरा साकेत, मिट्ठू साकेत एवं मझीले साकेत पर आरोप है कि उन्होंने स्कूल के पास स्थित बगीचे में एक बछड़े को रस्सी से बांधकर धारदार हथियार से क्रूरता पूर्वक काटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों द्वारा बछड़े का मांस काटकर बोरी में भरकर अपने घर ले जाने की बात कही गई है, जबकि सिर, सींग, पैर एवं पूंछ घटनास्थल पर पड़े मिले।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपियों के घर से बोरी में भरा संदिग्ध गौमांस मिलने का दावा भी किया गया। पुलिस ने बरामद मांस को कब्जे में लेकर परीक्षण हेतु पशु चिकित्सा विभाग भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 325 बीएनएस, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(क)(ठ) तथा गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 5/9 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
थाना प्रभारी गोविंद तिवारी ने बताया कि मांस के सैंपल को सत्यापन हेतु भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है और पुलिस निगरानी रखे हुए है।

