रीवा जिले के मनगवां तहसील में नायब तहसीलदार का स्थल निरीक्षण, अतिक्रमण व जर्जर निर्माण की शिकायतों की जांच
गढ़ क्षेत्र में आज राजस्व प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली, जब वित्त गढ़ तहसील मनगवां के नायब तहसीलदार अजय मिश्रा ने विभिन्न शिकायतों के संबंध में मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हल्का पटवारी हरविंदर सिंह (पटवारी हल्का गढ़) भी उपस्थित रहे।
जर्जर लिप्टिस की शिकायत की जांच
गढ़ निवासी कुबेरनाथ त्रिपाठी द्वारा घर के सामने स्थित जर्जर लिप्टिस को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उक्त जर्जर संरचना से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अभिलेखों का परीक्षण करने के निर्देश दिए।
आयुर्वेद औषधालय के सामने अतिक्रमण का मामला
दूसरी शिकायत जितेंद्र सिंह द्वारा की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि प्रमोद सिंह द्वारा आयुर्वेद औषधालय के सामने लंबे समय से अतिक्रमण किया गया है। प्रशासनिक टीम ने स्थल निरीक्षण कर स्थिति का अवलोकन किया तथा आवश्यक दस्तावेजों की समीक्षा हेतु फाइल तलब की।
खेल मैदान की भूमि संबंधी फाइल की जांच
इसी क्रम में गढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित/ खेल मैदान से संबंधित फाइल के आधार पर भी मौके पर पहुंचकर जांच की गई। प्रशासन ने जमीन की वास्तविक स्थिति और अभिलेखीय तथ्यों का मिलान किया।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार अजय मिश्रा ने स्पष्ट किया कि—
> “सभी मामलों में फाइल अवलोकन एवं राजस्व अभिलेखों की जांच उपरांत ही न्यायोचित निर्णय लिया जाएगा। यदि कहीं शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित अतिक्रमणकारी को स्वयं संज्ञान लेकर हटाने का अवसर दिया जाएगा। अन्यथा पटवारी से प्रतिवेदन प्राप्त कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।”
उन्होंने दो टूक कहा कि शासकीय संपत्ति पर किसी भी प्रकार का नाजायज कब्जा या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासनिक अमला नियमों के तहत कार्रवाई करेगा और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

