एपीके फाइल के माध्यम से साइबर ठगी: रीवा पुलिस की एडवाइजरी, आमजन से सतर्क रहने की अपील
रीवा। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच रीवा पुलिस ने आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने आगाह किया है कि साइबर अपराधी इन दिनों .APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल फोन हैक कर रहे हैं और बैंक खातों से रकम पार कर रहे हैं। यह फाइलें अलग-अलग नामों और बहानों से भेजी जा रही हैं, जिससे लोग आसानी से झांसे में आ जाएं।
पुलिस के अनुसार, ठग शादी का कार्ड या विवाह निमंत्रण, बैंक KYC अपडेट, अकाउंट ब्लॉक होने की सूचना, बिजली बिल या अन्य शासकीय दस्तावेज, गाड़ी का चालान/ट्रैफिक फाइन, कूरियर या पार्सल की डिलीवरी संबंधी जानकारी जैसे शीर्षकों के साथ .APK फाइल भेज रहे हैं। ये फाइलें व्हाट्सएप, एसएमएस, टेलीग्राम या ई-मेल के माध्यम से प्रेषित की जाती हैं।
ऐसे होता है साइबर फ्रॉड
रीवा पुलिस ने बताया कि जैसे ही कोई व्यक्ति इन .APK फाइलों को डाउनलोड या इंस्टॉल करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो सकता है। इसके बाद साइबर अपराधियों को मोबाइल में उपलब्ध बैंकिंग डिटेल, ओटीपी, पासवर्ड, कॉन्टैक्ट लिस्ट और अन्य निजी जानकारियों तक पहुंच मिल जाती है। इसके जरिए अपराधी पीड़ित के बैंक खाते से रकम निकाल लेते हैं या अन्य आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं।
बचाव के उपाय
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि—
किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त .APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
शादी का कार्ड, चालान या बैंक से जुड़ी जानकारी कभी भी .APK फाइल के रूप में नहीं आती।
केवल Google Play Store या अधिकृत ऐप स्टोर से ही एप्लिकेशन डाउनलोड करें।
मोबाइल फोन में “Unknown Sources” का विकल्प बंद रखें।
किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, PIN या CVV साझा न करें।
शिकायत कैसे करें
यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होता है या उसे कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। साथ ही, www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं या अपने नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क कर सकते हैं।
रीवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह जनहित में जारी की गई महत्वपूर्ण सलाह है। नागरिकों से अपील की गई है कि सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल को खोलने से पहले सावधानी बरतें।

