मऊगंज: ग्राम लोढ़ी में नियमों को ताक पर रखकर अवैध उत्खनन, भारी ब्लास्टिंग से ग्रामीणों में दहशत
रीवा/मऊगंज।
जिले की हनुमना तहसील अंतर्गत ग्राम लोढ़ी में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध पत्थर उत्खनन ने प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खनिज नियमों और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के स्पष्ट निर्देशों की खुलेआम अवहेलना करते हुए खनन माफिया न केवल आवंटित लीज क्षेत्र से बाहर खुदाई कर रहे हैं, बल्कि आबादी क्षेत्र के बेहद करीब भारी ब्लास्टिंग भी की जा रही है। इससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
आयुक्त को सौंपा गया शिकायती पत्र
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता बी.के. माला ने इस गंभीर मामले को लेकर रीवा संभाग के आयुक्त को विस्तृत शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र में उन्होंने ग्राम लोढ़ी में हो रहे अवैध उत्खनन, अनियंत्रित ब्लास्टिंग और पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
लीज सीमा से बाहर उत्खनन का आरोप
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि खनिज माफियाओं द्वारा शासन से स्वीकृत लीज की निर्धारित सीमा का उल्लंघन कर आसपास की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पत्थर पट्टियों का उत्खनन किया जा रहा है। इस अवैध गतिविधि में स्थानीय निवासी शिव कुमार सिंह, रामनगीना सिंह एवं अभिषेक सिंह के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं।
भारी ब्लास्टिंग से जन-जीवन प्रभावित
ग्रामीणों के अनुसार, उत्खनन कार्य में बड़े पैमाने पर मशीनों और विस्फोटकों का उपयोग किया जा रहा है। लगातार हो रही ब्लास्टिंग से मकानों में दरारें पड़ने का खतरा बना हुआ है, वहीं कंपन और तेज आवाज़ों से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंख मूंदे बैठे हैं।
पर्यावरण को भारी क्षति
अवैध उत्खनन के कारण क्षेत्र का प्राकृतिक संतुलन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। हरियाली नष्ट हो रही है, धूल और शोर प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ वन्यजीवों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यह स्थिति NGT के पर्यावरण संरक्षण संबंधी निर्देशों का सीधा उल्लंघन मानी जा रही है।
राजस्व, खनिज शुल्क और जीएसटी की चोरी
अधिवक्ता बी.के. माला ने अपने पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि निर्धारित खसरा नंबरों से हटकर उत्खनन किए जाने के कारण शासन को मिलने वाला खनिज राजस्व, रॉयल्टी और जीएसटी (GST) बड़े पैमाने पर चोरी किया जा रहा है। शिकायत के साथ संबंधित खसरा नंबरों की सूची एवं अवैध उत्खनन के फोटोग्राफ साक्ष्य के रूप में संलग्न किए गए हैं।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम लोढ़ी में सक्रिय खनन माफियाओं के विरुद्ध तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, अवैध उत्खनन और ब्लास्टिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएं। इससे न केवल क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि सरकारी संपदा की हो रही लूट पर भी अंकुश लग सकेगा।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है या फिर ग्रामीणों की आशंकाएं यूं ही नजरअंदाज होती रहेंगी।

