ग्राम पंचायत गढ़ में “अटल ई-सेवा केंद्र” का शुभारंभ, अब गांव में ही मिलेंगी डिजिटल व कानूनी सेवाएं
रीवा जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़ में ग्रामीणों को डिजिटल एवं शासकीय सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से “अटल ई-सेवा केंद्र” का विधिवत शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जिला प्रबंधक रविशंकर मिश्र द्वारा किया गया।
उद्घाटन समारोह के पश्चात उपस्थित ग्रामीणों को केंद्र के माध्यम से मिलने वाली विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिला प्रबंधक रविशंकर मिश्र ने विशेष रूप से “टेली-लॉ” सेवा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अब ग्रामीणों को कानूनी सलाह लेने के लिए शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस सेवा के माध्यम से गांव में ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, फोन कॉल या ऑनलाइन चैट के जरिए अनुभवी वकीलों से सीधे परामर्श प्राप्त किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि टेली-लॉ योजना के अंतर्गत महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग, श्रमिकों, दिव्यांगजनों तथा बीपीएल परिवारों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है, जबकि अन्य नागरिकों के लिए नाममात्र शुल्क निर्धारित है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान अटल ई-सेवा केंद्र के संचालक सीताराम गुप्ता सहित वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभातचंद्र द्विवेदी, नरेंद्र भारती, राजेंद्र सिंह, शिवकुमार राय चौहान, संजीव पाण्डेय, पंकज विश्वकर्मा, सुनील सेन, राजकुमार रजक तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर केंद्र की सेवाओं के प्रति उत्साह व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने अटल ई-सेवा केंद्र के शुभारंभ को गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि अब आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, आधार एवं पैन से जुड़ी सेवाएं, ऑनलाइन आवेदन, बिल भुगतान सहित विभिन्न सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने अधिक से अधिक ग्रामीणों से इस केंद्र का लाभ उठाने की अपील भी की।
इस पहल से न केवल ग्रामीणों का समय और खर्च बचेगा, बल्कि डिजिटल सशक्तिकरण के माध्यम से गांव आत्मनिर्भरता की ओर भी अग्रसर होगा।


