रीवा गढ़ थाना के सामने संदीप ट्रेडर्स में भीषण आग, लाखों से करोड़ों के नुकसान की आशंका
गढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 27 पर स्थित गढ़ थाना के ठीक सामने दो तीन की दरमियानी रात भीषण आगजनी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। थाना के सामने संचालित किराना थोक दुकान “संदीप ट्रेडर्स” आग की चपेट में आ गई, जिससे दुकान में रखा भारी मात्रा में सामान जलकर खाक हो गया।
रात साढ़े तीन बजे मिली सूचना
थाना प्रभारी ने बताया कि रात लगभग 3:30 बजे मोबाइल के माध्यम से दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से दमकल वाहनों को बुलाया गया।
मनगवां, नईगढ़ी और सोहागी से कुल तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर कई घंटों की मशक्कत के बाद नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि आग पूरी तरह शांत होने के बाद भी अंदर जले हुए मलबे में धुआं और चिंगारियां बनी हुई थीं।
जेसीबी से तोड़ा गया गेट
आग इतनी विकराल थी कि दुकान का शटर और गेट हाथ से नहीं खोला जा सका। स्थिति को देखते हुए जेसीबी मशीन मंगाकर शटर को तोड़ा गया, जिसके बाद अंदर पानी डालकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। दमकल गाड़ियों को बार-बार पानी भरना पड़ा, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र में पानी की सीमित उपलब्धता के कारण टैंकरों का पानी जल्दी समाप्त हो जा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पानी उपलब्ध कराकर सहयोग किया।
लाखों से करोड़ों तक नुकसान की आशंका
दुकान के संबंध में जानकारी देते हुए सुजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि यह दुकान उनके भाई सतीश गुप्ता के नाम से “संदीप ट्रेडर्स” के नाम से संचालित थी। आग कैसे लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल नहीं है। घटना रात में हुई और जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था।
नुकसान का अभी आधिकारिक आकलन नहीं हो पाया है, क्योंकि जला हुआ सामान निकाला जा रहा है। हालांकि प्रथम दृष्टया लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि यह क्षेत्र की बड़ी थोक किराना दुकान मानी जाती है।
कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
थाना प्रभारी ने बताया कि आग बुझाने का कार्य पूरी सतर्कता के साथ किया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। विस्तृत रिपोर्ट संबंधित पक्ष द्वारा प्रस्तुत किए जाने के बाद ही नुकसान और कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
घटना के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और सुरक्षा मानकों का पालन करें।

