रीवा ब्रेकिंग गढ़ थाना के सामने स्थित संदीप (सिंकू) किराना स्टोर में भीषण आग, चार फायर ब्रिगेड जुटीं
गढ़। के मुख्य बाजार क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब गढ़ थाना के ठीक सामने संचालित सिंकू किराना स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। आग पर काबू पाने के लिए चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का संभावित कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन द्वारा आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखे लाखों रुपये के किराना सामान के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।
गढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और एहतियातन आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में बाधा न आए।
घटना से क्षेत्रीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। प्रशासन द्वारा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

