खेत में बनी बबली में डूबने से किसान की दर्दनाक मौत, रातभर तलाश के बाद सुबह मिला शव
रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोरी नंबर-2 में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत में कार्य के दौरान पैर फिसलने से एक मजदूर की पानी में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अच्छे लाल साकेत (पिता संतु साकेत), उम्र लगभग 47 वर्ष, 12 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5 बजे खेत में गेहूं की फसल काट रहे थे। पास में ही लगी बबली से पानी लेने गए थे। अचानक पैर फिसल गया और वे पानी से भरे बबली में जा गिरे।
कीचड़ और पानी की गहराई के चलते वे खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते पानी में डूब गए। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे उन्हें तत्काल सहायता नहीं मिल सकी। जब देर शाम तक वे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और गांव के लोगों के साथ उनकी तलाश शुरू की गई।
रातभर परिजन और ग्रामीण खेतों व आसपास के इलाकों में उनकी खोज करते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। अंततः 13 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 6 बजे खेत के पानी में उनका शव तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों के अनुसार, रातभर पानी में पड़े रहने के कारण शव को मछलियों व अन्य जलीय जीवों ने आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिससे घटना का दृश्य बेहद मार्मिक और विचलित करने वाला था।
सूचना मिलते ही गढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। सहायक उपनिरीक्षक एच.डी. वर्मा द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए मनगवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अवनीश पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
मृतक अच्छे लाल साकेत अपने पीछे तीन बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस आकस्मिक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर है और लोग मृतक के परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए



