झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की साजिश का आरोप, पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग
रीवा, 10 मई। शहर के घोघर वार्ड निवासी मो. शकील खान ने खुद को झूठे आरोपों के जरिए बदनाम किए जाने की शिकायत करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मो. शकील खान ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से रीवा शहर में प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य कर रहे हैं और अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने किसी भी व्यक्ति का एक रुपये तक का बकाया नहीं रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ कार्य कर चुके अनुप तिवारी ने कम पढ़े-लिखे होने का फायदा उठाकर कथित रूप से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो अनुप तिवारी एवं उसके सहयोगियों द्वारा जान से मारने की धमकियां भी दी जाने लगीं। मो. शकील खान का कहना है कि अनुप तिवारी ने चंद्रप्रभा सिंह निवासी फोर्ट रोड रीवा की एक महिला के माध्यम से थाना सिटी कोतवाली में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसमें भूमि संबंधी सौदे के नाम पर एक लाख दस हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया।
मो. शकील खान ने दावा किया कि जब उन्होंने अपने मोबाइल नंबर 9425999586 से संबंधित महिला के मोबाइल नंबर 7869087533 पर संपर्क किया, तो महिला ने कथित रूप से उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया। साथ ही महिला ने यह भी कहा कि उसने न तो कोई राशि दी है और न ही किसी प्रकार का अवैध निर्माण कराया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की है।
शकील खान ने आरोप लगाया कि उन्हें सुनियोजित तरीके से बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर झूठी शिकायत दर्ज कराने वाली महिला तथा मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे अनुप तिवारी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वहीं, इस मामले को लेकर शहर में विभिन्न चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच किस दिशा में आगे बढ़ाता है और सच्चाई सामने लाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

