गढ़ तेंदुआ मोड़ पर भीषण सड़क हादसा: एक की मौत, दो गंभीर घायल
गढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राज्यमार्ग-30 पर दर्दनाक दुर्घटना, प्रयागराज से रीवा आ रही कार ने मोटरसाइकिल सवारों को मारी टक्कर
रीवा/गढ़, 10 जून 2026। गढ़ थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राज्यमार्ग-30 पर स्थित तेंदुआ मोड़ के समीप बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव पहुंचाया गया, जहां एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 10 जून 2026 की सुबह लगभग 9:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि फोर व्हीलर वाहन क्रमांक CG 04 QN 5760 प्रयागराज से रीवा की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन तेंदुआ मोड़ के समीप पहुंचा, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल क्रमांक MP 17 ZT 1537 को जोरदार टक्कर मारते हुए सवारों को घसीटती चली गई।
हादसे में मनीष साकेत पिता सुखलाल साकेत, उम्र 26 वर्ष, निवासी बसेड़ा थाना मनगवां गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि वह अपने ससुराल पहिलपर से देवतालाब की ओर जा रहे थे। दुर्घटना में ओम साकेत पिता मनीष साकेत, उम्र लगभग 15 वर्ष की गंभीर चोट लगने के कारण मृत्यु हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, जिसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ थाना प्रभारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। डायल-112 एवं ग्रामीणों की सहायता से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राज्यमार्ग-30 पर यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

