(रीवा) मनगवा – ग्राम पंचायत गढ़ के गांधी ग्रामोदय विद्यालय के सामने स्थित ट्रांसफार्मर दो महीने पहले बारिश और आंधी के चलते 11,000 वोल्ट के तार और खंभे टूटने से जल गया था। इस दुर्घटना के बाद से दर्जनों ग्रामीण परिवार बिजली संकट झेल रहे हैं, लेकिन अब तक बिजली विभाग ने कोई सुधार कार्य नहीं किया है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की इस अनदेखी से उनकी दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
बिजली मंडल पर आरोप है कि वह सेवा शुल्क और अन्य खर्चों के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग करता है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सेवा शुल्क नहीं दिया जाता, खंभा गाड़ने, तार खींचने और मरम्मत का काम लंबित रखा जाता है। विभाग की यह नीति केवल उन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर बदलने पर जोर देती है जहां किसी राजनेता या उच्च अधिकारी का दबाव हो, या जहां सेवा शुल्क की वसूली हो चुकी हो।
ग्रामीणों ने कटरा विद्युत मंडल के जेई और लाइनमैन से कई बार शिकायत की, लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद किसी ने समस्या पर ध्यान नहीं दिया। इस बीच, बिजली आपूर्ति बंद होने के बावजूद विभाग की ओर से नियमित रूप से बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है।
जनता की अपील: समाचार पत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द इस क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदला जाए और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। यह मामला गंभीर चिंता का विषय है और तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि ग्रामीणों को राहत मिले और उनका जीवन फिर से पटरी पर लौट सके।

