कर्तव्यहीनता पर सख्त कार्रवाई: चार अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकी, कलेक्टर ने जारी किया नोटिस
(विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा)
रीवा। कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर रीवा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने चार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी दो वार्षिक वेतनवृद्धि रोकने का नोटिस जारी किया है।
प्रयागराज महाकुंभ मेले में ड्यूटी से रहे अनुपस्थित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा प्रयागराज महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए चार अधिकारियों की ड्यूटी 8 और 9 फरवरी को निर्धारित स्थलों पर लगाई गई थी। इन अधिकारियों में जिला पंजीयक श्रीमती संध्या सिंह, जिला खनिज अधिकारी श्रीमती दीपमाला तिवारी, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी श्री विनय वर्मा और सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी श्री राजीव शुक्ला शामिल हैं। लेकिन ये सभी अधिकारी ड्यूटी स्थल पर उपस्थित नहीं हुए और उनके मोबाइल फोन भी बंद पाए गए।
कर्तव्य में लापरवाही पर सख्त रुख
ड्यूटी से अनुपस्थित रहना और आदेशों की अवहेलना प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अनुशासनहीनता की गंभीर श्रेणी में आता है। इसे देखते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने इन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उनकी दो वार्षिक वेतनवृद्धियां रोकने का निर्णय लिया है।
11 फरवरी को देना होगा स्पष्टीकरण
नोटिस के तहत इन सभी अधिकारियों को 11 फरवरी को प्रातः 11 बजे कलेक्टर कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी गैरहाजिरी और लापरवाही पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने दी सख्त चेतावनी
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरतने और सरकारी आदेशों की अवहेलना करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक कार्यों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी अपने दायित्वों से विमुख न हो।

