लोक निर्माण विभाग में जांच प्रक्रिया पर इंजीनियरों का विरोध, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा मध्यप्रदेश, 1 मार्च 2025
प्रदेश में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की गुणवत्ता सुधारने के लिए हाल ही में लागू की गई जांच प्रक्रिया और दोषी अधिकारियों पर की जा रही दंडात्मक कार्रवाई के खिलाफ इंजीनियरों में भारी रोष है। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह द्वारा शुरू की गई इस प्रणाली के तहत हर माह की 5 और 20 तारीख को विभिन्न परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंता दूसरे क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इन निरीक्षणों के बाद दोषी पाए गए उपयंत्रियों और अनुविभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे विभागीय इंजीनियरों में असंतोष व्याप्त है। इंजीनियरों के संगठन ने इस कार्यप्रणाली का विरोध जताते हुए इसे तत्काल रोकने की मांग की है। इस संबंध में संगठन ने ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि यह प्रक्रिया बंद नहीं की गई तो 4 मार्च 2025 से प्रदेशभर के अभियंता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
इंजीनियरों की मुख्य मांगें:
1. दोषी पाए जाने पर अभियंताओं को सुधार के लिए समय दिया जाए, न कि तत्काल निलंबित किया जाए।
2. विभाग में मैदानी अमले की भारी कमी को शीघ्र पूरा किया जाए और तब तक वैकल्पिक नियुक्तियाँ की जाएं।
3. निर्माण कार्यों में गड़बड़ी के लिए ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया जाए और अभियंताओं पर अनुचित कार्रवाई न की जाए।
कई अधिकारियों पर हुई कार्रवाई
हाल के निरीक्षणों में कई निर्माण कार्यों में अनियमितताएँ पाई गईं, जिसके चलते अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
नर्मदापुरम: घटिया निर्माण के चलते कार्यपालन यंत्री संजय रायकर को नोटिस, अनुविभागीय अधिकारी आर.पी. शर्मा और उपयंत्री कैलाश गुर्दे निलंबित। ठेकेदार मेसर्स बिंदल डेवलपर्स को ब्लैकलिस्ट किया गया।
कटनी: बरही-इंदारताला मार्ग की मरम्मत में गड़बड़ी पर संभागीय प्रबंधक की वेतन वृद्धि रोकी गई और ठेकेदार मेसर्स टीबीसीएल को ब्लैकलिस्ट किया गया।
झाबुआ: सरकारी महाविद्यालय निर्माण में अनियमितता पर कार्यपालन यंत्री अलसिंह भिड़े को नोटिस और ठेकेदार मेसर्स राजगढ़ जिला धार को ब्लैकलिस्ट किया गया।
छतरपुर: कन्या विद्यालय निर्माण में अनियमितताओं के कारण कार्यपालन यंत्री के.एस. परस्ते को नोटिस, अनुविभागीय अधिकारी एस.के. पांडेय व एम.पी. भटनागर निलंबित, और ठेकेदार मेसर्स आर.के. कंस्ट्रक्शन ब्लैकलिस्ट।
ग्वालियर: पटेलपुरा से गुरी बंजारों के पूरे मार्ग पर मानक स्तर की अनदेखी के कारण ठेकेदार मेसर्स कामतानाथ बीस्ट्रोन मुरैना को ब्लैकलिस्ट किया गया।
उपमुख्यमंत्री से की गई मुलाकात
विभागीय इंजीनियरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला से मुलाकात कर मैदानी अमले के खिलाफ हो रही एकतरफा कार्रवाई पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ अभियंता शैलेंद्र दुबे, कमलाकांत गर्ग, विजय शुक्ला, राजेश श्रीवास्तव, पी.के. सिंह, रविंद्र श्रीवास्तव, अरुण शुक्ला, रामराज पटेल, अंगिरा तिवारी, आर.एस. वर्मा आदि शामिल थे।
अब देखना होगा कि सरकार इस विरोध पर क्या रुख अपनाती है और क्या इंजीनियरों की हड़ताल को टालने के लिए कोई समाधान निकाला जाता है।

