रीवा : समदड़िया बिल्डिंग से युवती ने कूदकर दी जान, पहचान और कारण अज्ञात
रीवा, 27 अप्रैल 2025।
शहर के प्रमुख बस स्टैंड के समीप स्थित कामता मेडिकल स्टोर के सामने स्थित गगनचुंबी समदड़िया बिल्डिंग से आज एक युवती ने छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह हृदयविदारक घटना दोपहर लगभग 1:30 से 2:00 बजे के बीच घटी, जिसने वहां मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने छत से कूदने से पहले अपने समस्त अभिलेखों को जला दिया था, जिससे उसकी पहचान करना और भी कठिन हो गया है। समाचार लिखे जाने तक रात 9:30 बजे तक युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस अनुमान लगा रही है कि मृतका ने जींस, बेल्ट और चेक शर्ट पहन रखी थी, लेकिन उसके मूल निवास या आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी विकास कपीस ने बताया कि मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है, फिलहाल आत्महत्या के कारणों के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच के बाद ही विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी।
दूसरी ओर, समदड़िया बिल्डिंग जैसी ऊंची इमारत में सुरक्षा के अभाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पूर्व में भी संजय गांधी अस्पताल परिसर सहित अन्य स्थानों पर इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े हो गए हैं।
रीवा जिला एक संभागीय मुख्यालय होने के नाते यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, न्याय एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए पूरे संभाग से बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। बस स्टैंड क्षेत्र में हमेशा भीड़भाड़ रहती है। ऐसे में इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां उत्पन्न हुईं, जिन्होंने इस युवती को इतना कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया। परिजनों की तलाश और जांच के बाद ही इस दर्दनाक घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सकेगी।



