गढ़ पुलिस ने पांच माह पुरानी अंधी हत्या का किया सनसनीखेज खुलासा, महिला आरोपिया गिरफ्तार
गढ़, 6 अप्रैल। गढ़ पुलिस ने करीब पांच माह पूर्व देउर कोठार स्थित माडीघाट जंगल में हुई एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने एक महिला आरोपिया को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अब भी फरार है।
घटना का विवरण:
दिनांक 16 अक्टूबर 2024 को देउर कोठार के माडीघाट जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में यह बात सामने आई कि अज्ञात आरोपियों ने मृतक की गला घोंटकर एवं सिर कुचलकर निर्मम हत्या की थी। शव को पहचान से दूर रखने के उद्देश्य से जंगल में फेंक दिया गया था।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम पंचनामा करवाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। मौके से मृतक की चप्पल व कपड़े जब्त कर, उसकी पहचान सुनिश्चित करने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को आरएम मैसेज प्रेषित किया गया। हालांकि, उस समय मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। प्रकरण में अपराध क्रमांक 434/24 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई थी।
सोशल मीडिया वीडियो बना सुराग:
लगभग 3-4 दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक महिला को एक व्यक्ति के साथ मिलकर जंगल में किसी व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या करते और पत्थर से शव को ढंकते हुए देखा गया। वीडियो की पुष्टि करने पर मृतक की पहचान परिजनों द्वारा उसके चप्पल और कपड़ों के आधार पर हरवंश केवट पिता देवशरण केवट, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम गढ़वा, थाना जवा के रूप में की गई।
वीडियो में नजर आ रही महिला की पहचान शोभावती केवट, पति स्व. विनय केवट, उम्र 36 वर्ष, निवासी लोनीपार, थाना शंकरगढ़, जिला प्रयागराज के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने बताया कि मृतक प्रेम प्रसंग में बाधा उत्पन्न कर रहा था, जिसके चलते उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर हरवंश केवट की हत्या कर शव को जंगल में छिपा दिया था।
गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई:
आरोपिया शोभावती केवट को आज दिनांक 6 अप्रैल 2025 को गिरफ़्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जब्त सामग्री:
घटनास्थल का वीडियो
हत्या में प्रयुक्त पत्थर के टुकड़े
मृतक के चप्पल और कपड़े
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
इस जटिल हत्याकांड के खुलासे में थाना प्रभारी उनि के.एल. बागरी, सउनि हनुमानदीन वर्मा, सउनि सुखेन्द्र सिंह, सउनि शिवप्रसाद रावत, प्रआर. धर्मेन्द्र द्विवेदी, महेन्द्र सिंह, राजेश पाठक, राहुल बरसेना, देवेन्द्र सिंह, अभिषेक पाण्डेय, बलराम सिंह यादव एवं मआर. सरस्वती मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

