झूलते बिजली के तारों से बढ़ रही आगजनी की घटनाएं, किसान का घर खाक, लाखों का नुकसान
विंध्य वसुंधरा समाचार, रीवा (मध्यप्रदेश)
गढ़ थाना क्षेत्र, अमिलिया (रीवा), 25अप्रैल 2025
गढ़ थाना अंतर्गत ग्राम पोस्ट अमिलिया तहसील मनगवा के निवासी किसान धर्मराज सिंह पिता राम बहोरन सिंह के घर में दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे अचानक आग लग गई। इस घटना में उनका घर, अनाज व घरेलू सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया, जिससे किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, परंतु प्रारंभिक आशंका विद्युत तारों की चिंगारी की ओर इशारा कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल के दिनों में क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। 22 अप्रैल को बांसगांव में खेत से उठी आग ने एक घर को जला डाला, वहीं 23 अप्रैल को ही एक ट्रैक्टर में आग लगने से एक बड़ी घटना टल गई।
बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग द्वारा पोल गाड़ने का कार्य ठेकेदारों के माध्यम से किया जा रहा है, परंतु पोलों की दूरी सही न होने व तारों के ढीले झूलने के कारण ये बार-बार आपस में टकराकर चिंगारी पैदा कर रहे हैं। गर्मी और सूखे वातावरण में ये चिंगारियां खेतों और घरों में आगजनी की वजह बन रही हैं।
प्रशासन और विद्युत विभाग की चुप्पी
इन घटनाओं के बाद भी विद्युत विभाग और जिला प्रशासन की चुप्पी से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने मांग की है कि:
क्षेत्र में झूलते तारों और पोल की व्यापक जांच की जाए,
लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई हो,
पीड़ित किसान को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए,
ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
वर्तमान में पूरा प्रशासन आगजनी की घटनाओं को लेकर सतर्क दिखाई दे रहा है, परंतु विद्युत मंडल की निष्क्रियता इन घटनाओं को और गंभीर बना रही है। यह एक गंभीर जांच का विषय है कि आखिर ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं और इसके पीछे किसकी लापरवाही जिम्मेदार है।


