ईमानदारी की मिसाल: लौरी निवासी राजेश कुमार द्विवेदी ने लौटाया गुम हुआ कीमती बैग
विंध्य वसुंधरा समाचार (गढ़) रीवा मध्यप्रदेश
जहां एक ओर आए दिन चोरी, राहजनी और लूट की खबरें समाज को चिंतित करती हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग ऐसे भी हैं जो ईमानदारी और इंसानियत का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। ऐसा ही एक प्रेरणादायक कार्य किया है लौरी नंबर 1 निवासी राजेश कुमार द्विवेदी ने।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामजी कुशवाहा, पिता मथुरा कुशवाहा, 1 मई की सुबह 9 बजे अपनी पत्नी सुधा कुशवाहा के साथ अपने ससुराल मौहरिया, लालगांव के लिए रवाना हुए थे। गंतव्य पर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनकी बाइक से बंधा बैग रास्ते में गिर गया है, जिसमें कीमती चांदी के गहने और अन्य सामान था।
इसी मार्ग से गुजरते हुए राजेश द्विवेदी को बैग सड़क पर पड़ा मिला। उन्होंने बैग को उठाकर अपने घर लाया और खोलने पर उसमें एक मोबाइल नंबर पाया। उन्होंने तुरंत उस नंबर पर संपर्क किया और बैग के मालिक को सूचना दी।
2 मई को रामजी कुशवाहा और उनकी पत्नी लोरी पहुंचे, जहां राजेश द्विवेदी ने बैग उन्हें सुपुर्द किया। बैग में रखा 400 ग्राम चांदी का सामान — पायल, पायजर, हाफ सेट, सकरी, मुंदरी आदि — पूरी तरह सुरक्षित मिला।
इस नेक कार्य के लिए राजेश द्विवेदी की चारों ओर सराहना हो रही है। ऐसे लोग आज भी समाज में भरोसे की लौ जलाए हुए हैं।



