रीवा पुलिस की सतर्कता अपील: जनसहयोग से ही संभव है सुरक्षित समाज का निर्माण
जनहित में जारी दिशा-निर्देशों का पालन आवश्यक – रीवा पुलिसविंध्य वसुंधरा समाचार | रीवा | 10 मई 2025
रीवा जिला पुलिस प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु एक महत्वपूर्ण अपील जारी की गई है। वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराध, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा अफवाहों के कारण समाज में तनाव उत्पन्न होने की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए, रीवा पुलिस ने जिले के समस्त नागरिकों, व्यवसायियों, होटल-लॉज संचालकों, मकान मालिकों एवं सोशल मीडिया ग्रुप एडमिन्स से सहयोग की अपेक्षा की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी इस विस्तृत एडवाइजरी में नागरिकों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों का पालन करने हेतु आग्रह किया गया है, जिनमें प्रमुख बिंदु निम्नलिखित हैं:
1. साइबर सतर्कता जरूरी
रीवा पुलिस ने नागरिकों को चेताया है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी संदिग्ध मोबाइल एप्लीकेशन को डाउनलोड करें। यह सावधानी साइबर ठगी से बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक है।
2. सोशल मीडिया पर संयम आवश्यक
तथ्यहीन, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाले संदेशों को सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर साझा न करें। ऐसे संदेश सामाजिक तनाव को जन्म दे सकते हैं। यदि कोई इस प्रकार का कंटेंट शेयर करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
3. व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन रहें सजग
समस्त व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन्स को निर्देशित किया गया है कि वे अपने ग्रुपों में प्रसारित हो रही हर सूचना पर नजर रखें। किसी भी आपत्तिजनक या असत्य जानकारी को न रोके जाने की स्थिति में एडमिन को भी जवाबदेह माना जाएगा। अफवाह फैलाने वालों को ग्रुप से हटाकर उनकी सूचना डायल 100 पर पुलिस को दें।
4. बिना अनुमति कोई आयोजन नहीं
कोई भी धार्मिक, सामाजिक अथवा सार्वजनिक आयोजन बिना विधिवत अनुमति के न किया जाए। यह निर्देश कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दिया गया है।
5. होटल एवं लॉज संचालकों की जिम्मेदारी
होटल व लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित की जाए एवं उनके वैध दस्तावेजों की जाँच की जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की उपस्थिति में तुरंत डायल 100 पर सूचित करें।
6. सीएसपी/कियोस्क संचालकों को सतर्कता बरतने के निर्देश
ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए आने वाले प्रत्येक ग्राहक की जानकारी रजिस्टर में दर्ज करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
7. किरायेदारों की जानकारी आवश्यक
मकान मालिकों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने किरायेदारों की पूरी जानकारी निर्धारित फॉर्मेट में संकलित कर रखें। यह जानकारी आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को प्रदान की जा सके।
8. प्रतिष्ठानों और दुकानदारों से अपील
सभी व्यापारीगण अपने यहाँ कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी और दस्तावेजों को संकलित कर सुरक्षित रखें। आवश्यकता पड़ने पर यह जानकारी पुलिस या प्रशासन को सौंपी जा सके।
9. अफवाहों पर ध्यान न दें
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही असत्य, आपत्तिजनक एवं समाजविरोधी सामग्री पर विश्वास न करें। यदि ऐसी किसी सामग्री की जानकारी मिले, तो नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम रीवा (मो. नं. 7049122399) पर सूचित करें।
रीवा पुलिस का संदेश:
"जनता का सहयोग – सक्रिय पुलिस – सुरक्षित समाज"।
रीवा पुलिस ने जिलेवासियों को भरोसा दिलाया है कि वह सदैव आम जनता के साथ खड़ी है। जनता के सहयोग से ही हर प्रकार की आपराधिक व अव्यवस्थित स्थिति को रोका जा सकता है।
जनहित में जारी – रीवा पुलिस
"रीवा पुलिस सदैव आपके साथ"




