रीवा पुलिस की सख्त कार्रवाई से अपराधियों में मचा हड़कंप: फरार दुष्कर्म एवं अन्य दो आरोपों में आरोपी के ऊपर तीस हजार इनामी दीपू गौड़ गिरफ्तार
✍🏻 विंध्य वसुंधरा समाचार, रीवा मध्यप्रदेश
रीवा पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गौरव सिंह राजपूत के दिशा-निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह एवं एसडीओपी मनगवां प्रतिभा शर्मा के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा सघन अभियान अब प्रत्यक्ष रूप से असर दिखाने लगा है। अपने-अपने थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों द्वारा की जा रही लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाइयों से असामाजिक तत्वों में खलबली मची हुई है।
इसी क्रम में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है जब चौकी लालगांव अंतर्गत फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी दीपू गौड़ उर्फ सुजीत पिता बुद्ध सिंह, निवासी रझोही को पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी के विरुद्ध चौकी लालगांव थाना गढ़ में कुल तीन गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज थे, जिसमें से तीन मामले में उस पर दस दस हजार के तीनों मामले में 30 हजार इनाम घोषित किया गया था।
एसडीओपी मनगवां प्रतिभा शर्मा के निर्देशन में थाना गढ़ प्रभारी अवनीश पांडे एवं चौकी लालगांव प्रभारी आर.बी. सिंह की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की। पकड़े जाने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस तत्परता और दबिश से न केवल आमजन में भरोसा बढ़ा है, बल्कि अपराधियों में भी भय का माहौल बन गया है। लगातार की जा रही कड़ी कार्रवाइयों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब किसी भी अपराधी को कानून की पकड़ से बच निकलने की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
📌 प्रशासन की सख्ती:
फरार आरोपी पर ₹30,000 का इनाम घोषित
तीन गंभीर प्रकरणों में आरोपी वांछित
न्यायालय में प्रस्तुत कर भेजा गया जेल
क्षेत्र में बढ़ी पुलिस सक्रियता और सतर्कता
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एसडीओपी मनगवा अनुभाग पर जिस सक्रियता से अपराध नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं, वह न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था की सुदृढ़ता को भी दर्शाता है। आने वाले समय में भी ऐसे अभियानों की निरंतरता से अपराधियों की कमर टूटना तय है।
