नाबालिग से दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार – मोबाइल से मिले अश्लील वीडियो, पुलिस की तत्परता से पीड़ित परिवार को मिला न्याय"
✍🏻 विंध्य वसुंधरा समाचार, मऊगंज (रीवा) मध्यप्रदेश
मऊगंज थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक मामले में नाबालिग बालिका को दुष्कर्म कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपी को पुलिस ने धरदबोचा है। आरोपी को मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से गिरफ्तार किया गया है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से पीड़िता के साथ बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं, जिससे मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता कई गुना बढ़ गई है।
इस अमानवीय घटना ने न केवल क्षेत्रवासियों को झकझोर कर रख दिया, बल्कि कानून व्यवस्था पर सवाल भी खड़े कर दिए। पीड़िता के परिजनों और स्थानीय नागरिकों में इतना आक्रोश था कि उन्होंने मऊगंज थाने को घेर लिया। लेकिन पुलिस ने स्थिति को धैर्यपूर्वक संभाला।
मऊगंज जिले के पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार ने इस मामले को व्यक्तिगत संज्ञान में लेते हुए जिस मुस्तैदी और संवेदनशीलता से कार्रवाई की, उसने न सिर्फ एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया बल्कि पीड़ित परिवार और आम जनता का विश्वास भी जीता।
जनआक्रोश को संवेदना में बदला पुलिस ने
थाने का घेराव कर रहे लोगों से अधिकारियों ने संवाद स्थापित कर उन्हें आश्वस्त किया कि आरोपी को जल्द गिरफ्त में लिया जाएगा — और वादा निभाया गया। चंद दिनों के भीतर ही पुलिस ने आरोपी को ट्रैक कर बुरहानपुर से गिरफ्तार कर लिया। इससे यह प्रमाणित हो गया कि अपराध चाहे जितना भी गूढ़ और अपराधी जितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की निगाहों से बच पाना असंभव है यदि संकल्प और नेतृत्व सशक्त हो।
मोबाइल में मिला सबूत, फोरेंसिक जांच जारी
आरोपी के मोबाइल से बरामद आपत्तिजनक वीडियो पुलिस जांच का अहम आधार बन रहे हैं। तकनीकी टीम इस वीडियो की फोरेंसिक जांच कर रही है ताकि न्यायालय में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें। मामले में पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट, दुष्कर्म, और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने जैसी गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को जेल भेजा गया है।
मऊगंज पुलिस की यह कार्रवाई न केवल एक पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुई, बल्कि यह भी सिद्ध कर दिया कि जब नेतृत्व दृढ़ हो, तो कानून का डंडा हर अपराधी तक पहुँचता है। पुलिस ने न केवल वादा निभाया, बल्कि न्याय के लिए जनविश्वास की नई परिभाषा भी रच दी

