भौखरी ग्राम के नरसिंह टोला में वर्षों बाद पहुंचेगी बिजली की रोशनी आरडीएसएस योजना के तहत हुआ स्थल सर्वे, 40 परिवारों को मिलेगा बिजली कनेक्शन नेता-मंत्री से लेकर सांसद तक मांग पहुंची, समाधान अब जाकर हुआ संभव
स्पेशल ब्यूरो रिपोर्ट | विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा, मध्यप्रदेश | 1 मई 2025
रीवा जिले के त्यौंथर विद्युत संभाग अंतर्गत लालगांव वितरण केंद्र क्षेत्र के भौखरी ग्राम के नरसिंह टोला में आखिरकार वर्षों की मांग रंग लाई है। यहां के लगभग 40 परिवार जो अब तक बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित थे, अब आरडीएसएस (Revamped Distribution Sector Scheme) योजना के अंतर्गत जल्द ही बिजली कनेक्शन से जोड़े जाएंगे।
इस सकारात्मक पहल की नींव रखी सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी ने, जिन्होंने अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में भौखरी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल प्रभाव से जिला प्रशासन, विद्युत विभाग और संभागीय आयुक्त को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इसके परिणामस्वरूप 28 अप्रैल को रीवा के कलेक्टर और कमिश्नर को भेजे गए आवेदन पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण व सर्वे कार्य प्रारंभ कराया।
विद्युत विभाग की टीम ने किया स्थल निरीक्षण
त्यौंथर संभाग के कार्यपालन अभियंता (डीई) ज्ञानेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में सहायक अभियंता उमाशंकर द्विवेदी और संजय गुप्ता तथा आरडीएसएस टीम ने भौखरी ग्राम पहुंचकर नरसिंह मंदिर टोला के उन घरों का निरीक्षण किया जो अब तक बिजली आपूर्ति से वंचित थे। मौके पर विभाग की तकनीकी टीम ने सभी 40 परिवारों का सर्वेक्षण कर चिन्हांकन कार्य पूरा किया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में जिन घरों को प्राथमिकता दी गई, उनमें कामता यादव, अमृतलाल प्रजापति, वरमदीन कोल, रजनीश कोल, रामसजीवन यादव, लक्ष्मण पाल, रामशिरोमणि यादव जैसे परिवार शामिल हैं।
बांस-बल्ली से खींचते थे कटिया, अब उम्मीद की किरण
स्थानीय निवासी कामता यादव ने बताया कि बिजली की मुख्य लाइन नरसिंह मंदिर तक तो पहुंची थी, लेकिन टोला में लोड बढ़ने व व्यवस्था के अभाव में दर्जनों घर बिजली से वंचित रह गए। कई परिवारों ने बांस-बल्ली और तारों के सहारे अस्थायी कटिया डालकर जैसे-तैसे अपनी जरूरतें पूरी करने की कोशिश की, पर स्थायी समाधान नहीं मिला। कामता यादव ने बताया कि उन्होंने 7 वर्ष पहले कृषि मोटर कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन केवल बिल भरने के अलावा उन्हें कभी पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिला।
नेताओं तक गई थी गुहार, लेकिन नहीं हुआ समाधान
भौखरी ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि रामसिया यादव ने बताया कि इस समस्या को कई बार जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाया गया। पूर्व विधायक पंचूलाल प्रजापति, वर्तमान विधायक नरेंद्र प्रजापति, सांसद जनार्दन मिश्रा और कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र शुक्ला तक भी शिकायतें की गईं। परंतु लंबे समय तक केवल आश्वासन ही मिलते रहे, जमीन पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अब जबकि विद्युत विभाग द्वारा स्वयं पहल लेकर स्थल निरीक्षण और सर्वे किया गया है, तो ग्रामीणों की वर्षों पुरानी उम्मीदें फिर से जीवित हो गई हैं।
कनेक्शन से बदलेगी तस्वीर, विभाग को भी मिलेगा लाभ
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस टोले में बिजली कनेक्शन मिलने से जहां ग्रामीणों का जीवन स्तर सुधरेगा, वहीं विद्युत विभाग को भी राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। 40 परिवारों को कनेक्शन देने से उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ेगी, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचेगा।
क्या कहते हैं सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी?
शिवानंद द्विवेदी ने कहा कि, “ग्रामीण अंचलों में विकास तभी सार्थक है जब बुनियादी सुविधाएं हर व्यक्ति तक पहुंचें। बिजली, पानी और सड़क जैसी सुविधाएं आज भी कई बस्तियों में नहीं पहुंची हैं। हमारा प्रयास है कि हर वंचित परिवार तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचे।”
अब निगाहें अगली कार्यवाही पर - कब पहुंचेगा ट्रांसफार्मर, कब खंभे लगेंगे?
फिलहाल सर्वेक्षण की कार्यवाही पूरी हो चुकी है, अब अगली चुनौती है ट्रांसफार्मर स्थापना, लाइन विस्तार और खंभों की स्थापना। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विद्युत विभाग शीघ्र कार्यवाही कर आगामी वर्षा ऋतु से पहले उन्हें कनेक्शन उपलब्ध करा देगा।
विंध्य वसुंधरा समाचार आपके साथ जुड़े रहेगा इस विकास यात्रा के हर पड़ाव पर।


