विवाह के दिन ही युवक की दर्दनाक मौत, साथी गंभीर रूप से घायल — तेज रफ्तार ट्रक ने मारी मोटरसाइकिल को टक्कर
खुशियों का दिन मातम में बदल गया जब शादी की तैयारियों के बीच कपड़े प्रेस कराकर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दोपहर लगभग 3:30 बजे मोटरसाइकिल क्रमांक MP 17 MY 8806 से दो युवक कटरा बाजार से अपने कपड़े प्रेस कराकर वापस गांव कलवारी लौट रहे थे। जैसे ही वे तुलसीनगर क्षेत्र में पहुँचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक UP 70 HT 6887) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार रजनीश साकेत, पिता जगदीश साकेत (उम्र लगभग 22 वर्ष, निवासी कलवारी) सड़क पर दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर डायल 100 की मदद से पुलिस द्वारा उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटनाग्रस्त रजनीश की आज ही शादी थी। वह शादी की तैयारियों के तहत कटरा बाजार से कपड़े प्रेस कराकर घर लौट रहे थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। शादी का घर देखते ही देखते शोक स्थल में तब्दील हो गया। परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया है।
मोटरसाइकिल पर रजनीश के साथ सवार उनके मित्र सुरेश साकेत, पिता मोतीलाल साकेत (उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी कलवारी) को भी गम्भीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया गया है, जहाँ उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही गढ़ थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा और ट्रैफिक व्यवस्था संभालते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पुलिस ने मृतक का शव पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए गंगेव भेजा और पश्चात परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है तथा वाहन को जप्त कर आगे की जांच प्रारंभ कर दी है।
इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है। जो घर आज रात शादी के गीतों से गूंजने वाला था, वहाँ अब शोक की चीत्कारें सुनाई दे रही हैं।
समाचार लिखे जाने तक सुरेश साकेत का इलाज जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।







