सोहागी पहाड़ पर भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रेलर ने ऑटो को रौंदा, 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत
– ब्रेक फेल होने से हुआ खौफनाक हादसा, घटनास्थल पर मची चीख-पुकार, पुलिस-प्रशासन में हड़कंप
रीवा/सोहागी, 5 जून 2025।
रीवा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोहागी पहाड़ के समीप गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा इतना खतरनाक था कि जिसने भी मंजर देखा, उसकी रूह कांप गई। ऑटो में सवार यात्रियों को बचाने का कोई मौका तक नहीं मिला।
हादसे की भयावह तस्वीर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीवा की दिशा से आ रहा एक तेज रफ्तार भारी ट्रेलर दोपहर लगभग 12 बजे के आसपास सोहागी पहाड़ पर चढ़ाई के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया गया है कि ट्रेलर के ब्रेक फेल हो गए, जिससे वह पीछे की ओर तेजी से लुढ़कता चला गया। इसी दौरान प्रयागराज की दिशा से चढ़ाई पर आ रही एक ऑटो ट्रेलर की चपेट में आ गई। भीषण टक्कर के बाद ट्रेलर सीधे ऑटो पर चढ़ गया, जिससे ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार और अफरा-तफरी
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने जब दुर्घटना देखी तो तुरंत मदद के लिए दौड़े। ऑटो बुरी तरह पिचक गई थी और शव वाहन के भीतर फंसे हुए थे। राहत कार्य के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। मृतकों की पहचान करने में भी कठिनाई हो रही है।
प्रशासन सक्रिय, पुलिस मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही मनगवां थाना पुलिस, यातायात विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। रीवा एसडीओपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मार्ग को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और ऑटो को हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
सोहागी पहाड़ पर अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन अब तक गंभीरता नहीं दिखा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका अत्यंत संवेदनशील है, यहां ब्रेक टेस्टिंग पॉइंट, स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत और रेलिंग जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं न के बराबर हैं। ग्रामीणों ने एनएचएआई और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इस मार्ग को ‘मौत का रास्ता’ बताया है।

