मनगवां थाना की गांजा जब्ती पर उठे सवाल: क्या कार्रवाई निष्पक्ष है या किसी दबाव का परिणाम?
राजनीतिक प्रभाव, जनप्रतिनिधियों की संलिप्तता और पुलिस की साख पर मंडराते सवाल; उच्च स्तरीय जांच की उठी मांग
(विंध्य वसुंधरा समाचार संजय पाण्डेय रीवा/मऊगंज।)
रीवा जिले के मनगवां थाना अंतर्गत हाल ही में हुई गांजे की भारी मात्रा में जब्ती की कार्रवाई ने जहां एक ओर पुलिस की तत्परता को दर्शाया, वहीं दूसरी ओर इस कार्रवाई को लेकर कई प्रकार के संदेह और सवाल भी खड़े हो गए हैं। लगभग 2 कुंटल 93 किलोग्राम गांजे की जब्ती और एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद, पुलिस की निष्पक्षता और कार्यप्रणाली को लेकर जनमानस में चर्चा तेज हो गई है।
जनता में व्याप्त संदेह और अफवाहें
स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जागरूक जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस कार्रवाई में कई ऐसे पहलू हैं जो संदेह को जन्म देते हैं। लोगों का मानना है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव या किसी विशेष वर्ग के प्रभाव में आकर की गई हो सकती है। ऐसे में उच्च स्तरीय और स्वतंत्र जांच की मांग अब ज़ोर पकड़ने लगी है, ताकि सच जनता के सामने आ सके और पुलिस की छवि पर उठते सवालों का समाधान हो सके।
थाना परिसर में ‘दरबार’ जैसी स्थिति, सीसीटीवी जांच की मांग
सूत्रों के अनुसार, मनगवां थाना परिसर में कुछ जनप्रतिनिधियों और उनके समर्थकों की बार-बार उपस्थिति दर्ज की जा रही है। थाने के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज यदि खंगाली जाए तो यह स्पष्ट हो सकता है कि थाने में किस-किस की उपस्थिति रहती है और किन संदिग्ध व्यक्तियों के साथ इनका मेल-जोल है।
चौंकाने वाली जानकारी यह भी सामने आई है कि कुछ जनप्रतिनिधियों के परिजन एवं समर्थक ऐसे व्यापारों में लिप्त हैं जो नशीली दवाओं, कफ सिरप, ब्राउन शुगर और गांजे जैसे मादक पदार्थों से जुड़े हैं। कई बार ऐसे लोग थाने में जनप्रतिनिधियों के साथ देखे गए हैं, जो पुलिस पर अप्रत्यक्ष दबाव बनाते हैं।
फोटो और वीडियो के ज़रिए बनाया जा रहा दबाव?
कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की राजनीतिक नेताओं के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिन्हें दिखाकर यह संदेश दिया जाता है कि उनके खिलाफ कार्यवाही न की जाए। पुलिस विभाग में भी यह चर्चा है कि कुछ अधिकारी इन दबावों के चलते कठोर कार्यवाही करने से बचते हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
थाना प्रभारी की निष्पक्षता पर सवाल, स्थानांतरण की उठी मांग
इस पूरे प्रकरण में एक बड़ा सवाल यह भी खड़ा हो रहा है कि क्या वर्तमान थाना प्रभारी पूरी तरह से निष्पक्ष हैं? यदि नहीं, तो निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाकर किसी अन्य स्थान पर पदस्थ किया जाना चाहिए।
जागरूक नागरिकों का कहना है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच तभी संभव होगी जब जांच करने वाले अधिकारी पर किसी प्रकार का राजनीतिक या सामाजिक दबाव न हो। इसलिए एक स्वतंत्र और स्वच्छ छवि वाले अधिकारी की नियुक्ति की मांग भी उठ रही है।
चार विधायकों के प्रभाव क्षेत्र में थाना: राजनीतिक दबाव की आशंका
मनगवां थाना क्षेत्र तीन अलग-अलग विधायकों के गृह ग्राम से घिरा हुआ है, जिससे यह थाना राजनीतिक दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील हो जाता है। यही नहीं, मऊगंज के वर्तमान विधायक और कई विधायकों की जन्मभूमि एवं राजनीति की शुरुआत मनगवा क्षेत्र से ही है है। जिससे मनगवा से चार चार विधायकों ने शुरुआत की ऐसी परिस्थिति में थाने का संचालन और निष्पक्ष पुलिस कार्यवाही करना अपने-आप में एक चुनौती बन जाता है।
क्या पुलिस प्रशासन करेगा कठोर निर्णय?
अब आवश्यकता इस बात की है कि जिला और संभाग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं इस प्रकरण की निगरानी करें। उन्हें न केवल सीसीटीवी फुटेज की जांच करनी चाहिए बल्कि यह भी देखना चाहिए कि किन लोगों की थाने में बार-बार उपस्थिति होती है और किसके दबाव में पुलिस को कार्य करने में कठिनाई आ रही है।
यदि इस मामले को समय रहते गंभीरता से नहीं लिया गया तो इससे न केवल पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगेंगे बल्कि आम जनता का विश्वास भी कानून व्यवस्था से डगमगा जाएगा।
मनगवां थाना की यह कार्रवाई आने वाले समय में पुलिस प्रशासन की साख की परीक्षा बन गई है। अगर प्रशासन निष्पक्ष जांच कर दोषियों को चिन्हित करता है — चाहे वह अपराधी हों या दबाव बनाने वाले प्रभावशाली लोग — तो यह जनता के लिए एक सकारात्मक संदेश होगा। वरना यह मामला भी उन घटनाओं की सूची में जुड़ जाएगा, जिनमें सच्चाई सत्ता और सिफारिश की भेंट चढ़ गई।


