गढ़ में खाद गुणवत्ता को लेकर प्रशासन की सख्त कार्रवाई: बंद पाई गई दुकान सील, जांच का दायरा बढ़ेगा
कृषि, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम की औचक कार्यवाही
विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा मध्यप्रदेश
किसानों को मिल रही मिलावटी या निम्न गुणवत्ता की खाद की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को गढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मनगवां अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पी.एस. त्रिपाठी के निर्देशन में कृषि, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने एक प्रमुख खाद दुकान पर औचक छापामार कार्यवाही की, जहां दुकान बंद मिलने पर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
सघन जांच में फोकस रहा गुणवत्ता, वैधता और स्टॉक की स्थिति पर
छापे के दौरान टीम ने केवल दुकान की स्थिति का जायजा नहीं लिया, बल्कि दुकान के साइनबोर्ड, गोदाम, स्टॉक, रजिस्टर, लेबलिंग और आसपास के भंडारण स्थलों की भी बारीकी से जांच की। खाद के सैंपल लिए गए हैं और दस्तावेजों की वैधता की पुष्टि के प्रयास किए जा रहे हैं। चूंकि दुकान बंद थी, इसलिए मौके पर मूल दस्तावेज नहीं मिल सके, जिसके चलते नियमानुसार दुकान को सील कर दिया गया।
संयुक्त टीम में राजस्व, कृषि और पुलिस विभाग की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार मनोज सिंह, पटवारी दिलीप पटेल, कृषि विभाग से एसडीओ रवि सिंह, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी एस.एस. सरल, पुलिस विभाग से एएसआई नीरज सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक पुष्पराज बागरी, गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पांडे, आरक्षक सुरेश तिवारी शामिल रहे। संयुक्त टीम ने समन्वित रूप से कार्य को अंजाम देकर साक्ष्य संकलन किया।
संचालक को जारी होगा नोटिस, पूछताछ तय
सूत्रों के मुताबिक दुकान के संचालक को जल्द ही नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा। दस्तावेजों के मिलान के बाद यदि स्टॉक में गड़बड़ी, ओवररेटिंग, नकली खाद की बिक्री या अवैध भंडारण की पुष्टि होती है, तो संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का सख्त संदेश: दोषियों को नहीं मिलेगी राहत
मनगवां एसडीओ पी.एस. त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि किसानों को गुणवत्ता युक्त खाद देना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसानों के हक के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होगा। जांचों का दायरा और बढ़ाया जाएगा। दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।" — पी.एस. त्रिपाठी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मनगवां
आगे और भी कार्यवाहियां संभावित
प्रशासन की इस कार्यवाही से क्षेत्र के खाद व्यापारियों में हड़कंप है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में अन्य दुकानों और डीलरों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जा सकती है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि यदि उन्हें खाद की गुणवत्ता या कीमत को लेकर कोई भी संदेह हो, तो वे संबंधित अधिकारियों को तत्काल जानकारी दें।
