रीवा जिले के गढ़ में दिनदहाड़े मोबाइल लूट: खेत से लौट रहे किसान को बनाया निशाना, बाइक से हुए रफूचक्कर
रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई मोबाइल लूट की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्राम कछियन टोला गढ़ निवासी संतोष विश्वकर्मा पिता घनश्याम विश्वकर्मा (उम्र 39 वर्ष) ने थाना गढ़ में दर्ज शिकायत में बताया कि 28 जुलाई 2025 की शाम लगभग 6:30 बजे जब वह खेत से अपने घर लौट रहे थे, तभी दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें लूट का शिकार बना लिया।
तेज रफ्तार से आए बाइक सवार, झपट लिया मोबाइल
फरियादी के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई जब वह अकेले ही खेत से घर की ओर पैदल लौट रहे थे। गढ़ से रीमारी की ओर जा रहे पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक तेज रफ्तार से आए और बिना कुछ कहे अचानक उनके हाथ से रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन झपट लिया। यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि संतोष विश्वकर्मा संभल भी नहीं पाए और आरोपी बाइक मोड़कर आंखों से ओझल हो गए।
मोबाइल में थे अहम दस्तावेज और निजी जानकारियां
फरियादी ने बताया कि छीने गए मोबाइल फोन में उनके कई निजी दस्तावेज, बैंक से जुड़े संपर्क, जरूरी नंबर और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सुरक्षित थीं। फोन छिन जाने से उन्हें व्यक्तिगत और आर्थिक रूप से भी नुकसान होने की आशंका है।
पुलिस को सौंपी IMEI संख्या, ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना
घटना के बाद संतोष विश्वकर्मा तत्काल गढ़ थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मोबाइल की IMEI संख्या और सिम नंबर भी पुलिस को मुहैया कराया है, ताकि जल्द से जल्द बदमाशों का पता लगाया जा सके।


