रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में चोरों का तांडव: धाराविभा गांव में घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, मोबाइल भी उड़ाया
पीड़ित रामायण प्रसाद तिवारी ने पुलिस को दी लिखित शिकायत, जांच में जुटी पुलिस
रीवा जिले की गढ़ थाना सीमा अंतर्गत ग्राम धाराविभा में चोरों ने बीती रात एक घर को निशाना बनाकर ताला तोड़कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया। चोर घर में रखी लोहे की पेटी से सोना-चांदी, दस्तावेज और मोबाइल समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए। यह वारदात 27 जुलाई 2025 की मध्यरात्रि की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित रामायण प्रसाद तिवारी पिता स्व. कमला प्रसाद तिवारी, निवासी ग्राम धाराविभा, गढ़ थाना, रीवा ने थाने में प्रस्तुत आवेदन के माध्यम से बताया कि 27 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। चोरों ने घर की एक लोहे की पेटी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, आवश्यक दस्तावेज, नगदी राशि, तथा मूल्यवान मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
पीड़ित के अनुसार, चोरी हुआ मोबाइल फोन वीवो कंपनी का था, जिसकी आईएमईआई नंबर 863723052688655 व 8648....8688 है, और मोबाइल नंबर 8815300355 दर्ज है। फोन में कई महत्वपूर्ण जानकारियां और पारिवारिक दस्तावेज स्टोर थे।
पीड़ित ने यह भी बताया कि घर के आस-पास कुछ समय से असामाजिक तत्वों की आवाजाही देखी जा रही थी, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई और पुलिस प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की।
गढ़ पुलिस ने चोरी की सूचना प्राप्त होते ही मामला पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
गढ़ क्षेत्र में बीते कुछ माह से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नशे की लत में डूबे कुछ असामाजिक तत्व इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।


