कटरा बिजली मुख्यालय में घुल रहा नशा! कटरा में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर के बैग से मिली कोरेक्स की बोतलें, JE चैंबर में कर रहा था सेवन
कटरा (रीवा)
शासकीय कार्यालयों की गरिमा को कलंकित करने वाली एक शर्मनाक घटना कटरा जनपद मुख्यालय से सामने आई है, जहां आउटसोर्स के माध्यम से पदस्थ एक कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा नशीली कफ सिरप (कोरेक्स) का खुलेआम सेवन करने का मामला उजागर हुआ है। बताया जा रहा है कि उक्त कर्मचारी अपने बैग में अवैध नशीली सिरप की कई शीशियाँ लेकर कार्यालय पहुंचा था और कार्यालयीन समय में ही JE के चैंबर में बैठकर नशे में डूबा पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी कर्मचारी रिंकू पटेल, पिता कामता पटेल, निवासी महुअरिया, वर्तमान में कटरा मुख्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में पदस्थ है। हैरानी की बात यह है कि यह व्यक्ति कार्यालय परिसर में खुलेआम नशीले पदार्थों का सेवन कर रहा था, जिससे अन्य कर्मचारियों और आमजन में रोष व्याप्त है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार आरोपी के पिता पूर्व में शासकीय लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे और अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
इस घटना के बाद यह सवाल उठता है कि जब एक कार्यालय में कार्यरत ऑपरेटर ही इस प्रकार की हरकतें कर रहा है, तो ऐसे माहौल में आम जनता को सुशासन और पारदर्शिता कैसे मिलेगी? इससे न केवल सरकारी कार्यों की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है, बल्कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर को नशीली सिरप का सेवन करते देखा जा सकता है। हालांकि विंध्य वसुंधरा समाचार इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन यदि जांच में वीडियो की सत्यता प्रमाणित होती है, तो यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानी जाएगी।
अब यह देखना होगा कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी क्या ठोस कदम उठाते हैं? क्या आरोपी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी या फिर मामला खानापूर्ति में दबा दिया जाएगा? इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच आवश्यक है ताकि भविष्य में सरकारी संस्थानों की छवि को कलंकित करने वाले तत्वों पर लगाम लगाई जा सके।


