रीवा और मऊगंज के किसानों के लिए राहत: 1300 टन यूरिया खाद की रैक आज पहुंचेगी
रीवा, 23 अगस्त 2025। लंबे समय से खाद संकट का सामना कर रहे रीवा और मऊगंज जिले के किसानों के लिए अब राहत की खबर है। किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 1300 टन यूरिया की विशेष रैक 23 अगस्त की सुबह रीवा रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।
इस संबंध में जिला प्रबंधक मार्केटिंग फेडरेशन, श्रीमती शिखा सिंह वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रैक से प्राप्त यूरिया का वितरण दोनों जिलों की 75 सहकारी समितियों के माध्यम से किया जाएगा। इससे हजारों किसानों को समय पर यूरिया खाद उपलब्ध हो सकेगी, जो खरीफ फसलों की सिंचाई और उत्पादन में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार आने वाली रैक से डबल लॉक सेंटरों के लिए कोई आवंटन नहीं किया गया है। किसान सीधे अपनी संबंधित सहकारी समितियों से खाद प्राप्त कर सकेंगे। अधिकारियों ने भरोसा जताया है कि इस रैक से मौजूदा यूरिया संकट काफी हद तक दूर होगा।
गौरतलब है कि मानसून के बीच खरीफ की फसलें अपने विकास के अहम दौर से गुजर रही हैं। ऐसे में समय पर खाद उपलब्ध होना किसानों के लिए बेहद जरूरी है। सरकार और मार्केटिंग फेडरेशन का प्रयास है कि वितरण में पारदर्शिता और समानता बनी रहे, ताकि खाद कालाबाजारी और जमाखोरी की स्थिति न बन पाए।

