नईगढ़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई किराना दुकान से दबिश में पकड़ा गया 32 पाव देशी शराब, आरोपी गिरफ्तार
जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नईगढ़ी थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से 32 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3200 रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक मऊगंज आर.एस. प्रजापति के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार व एसडीओपी मऊगंज श्रीमती सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जगदीश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्यवाही अंजाम दी।
कैसे हुई कार्रवाई
दिनांक 22 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम अतरैला में स्थित एक किराना दुकान में अवैध शराब बिक्री की जा रही है। सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी मय बल मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर आरोपी देवा साकेत उर्फ हीरालाल साकेत (पिता – इन्दल प्रसाद साकेत, उम्र – 34 वर्ष, निवासी – अतरैला, थाना नईगढ़ी, जिला मऊगंज) को पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपी की दुकान से खाकी रंग के कार्टून में रखे 32 पाव देशी प्लेन शराब बरामद किए गए। जब पुलिस ने शराब संबंधी वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
कानूनी कार्यवाही
पुलिस ने मौके पर मौजूद गवाहों के समक्ष बरामद शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही अवैध शराब बिक्री की गतिविधियों की गहन विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस की सख्ती जारी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब का कारोबार सामाजिक बुराई के साथ-साथ अपराध और दुर्घटनाओं की जड़ है। जिले में ऐसे कारोबारियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे अवैध शराब की बिक्री या भंडारण की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

