चाकघाट पुलिस ने नशीली कफ सिरप की तस्करी का किया पर्दाफाश, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी घनश्याम मिश्रा के नेतृत्व में मादक पदार्थ तस्करों पर बड़ी कार्यवाही, 83 शीशियाँ कोडीन युक्त सिरप सहित 5.44 लाख का मशरूका बरामद
विंध्य वसुंधरा समाचार चाकघाट (रीवा मध्यप्रदेश)।
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चाकघाट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्रयागराज से नशीली कफ सिरप की तस्करी कर रहे एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया है। कार्यवाही पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह एवं एसडीओपी डभौरा उदित मिश्रा के मार्गदर्शन में चाकघाट थाना प्रभारी उप निरीक्षक घनश्याम मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
गुप्त सूचना पर हुई त्वरित कार्यवाही
दिनांक 31 जुलाई 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला अपने दो साथियों के साथ नशीली कफ सिरप लेकर प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से चाकघाट की ओर चार पहिया वाहन टाटा अल्टरोज (UP 70 GW 8717) में आ रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चाकघाट बॉर्डर पर घेराबंदी कर उक्त वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से 83 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप, 3 मोबाइल फोन, ₹14,000 नगद, सहित कुल ₹5,44,000 का अवैध मशरूका बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी और दर्ज मामला पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया—
1. अनीता साहू पति बुद्धिलाल साहू (उम्र 35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 1, चाकघाट।
2. दिलीप सोनी पिता सूर्यनारायण सोनी, निवासी नारायणदास का पूरा, झूसी, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)।
3. एक विधि विरुद्ध बालक, जिसे किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
उक्त आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 134/2025 अंतर्गत धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में चाकघाट थाना प्रभारी उप निरीक्षक घनश्याम मिश्रा, थाना जनेह के प्रभारी उपनिरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल, एएसआई श्रीकुमार तिवारी, बृजभान सिंह, प्रधान आरक्षक मकरध्वज तिवारी, पुष्पेंद्र दुबे, आरक्षक बृजेंद्र जैसवाल, सुधीर रंजन पांडे, अतुल सिंह, अखिलेश सिंह, एवं महिला आरक्षक कीर्ति सिंह की सक्रिय भूमिका रही।

